नाबालिग लड़की को भगाकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चमोली ( Chamoli ) - जिले की पुलिस ने नाबालिग को बहला - फुसलाकर भगाकर दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है । जिले के नंदानगर थाने में पुलिस को 28 अगस्त 2024 को वादी द्वारा सूचना दी गयी कि उसकी नाबालिग पुत्री से तेजा सिंह उर्फ़ तारासिंह पुत्र हीरा सिंह निवासी कनौल बडगुना ने पूर्व में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और 26 अगस्त को उसे बहला फुसलाकर भगा ले गया । वादी की तहरीर पर थाना नंदानगर में तत्काल मुक़दमा अपराध संख्या - 21/2024 , धारा -137(2)/87/65(1)BNS व पॉक्सो अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया । मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा - निर्देश दिए गए । पुलिस अधीक्षक के आदेश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया , जो आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कदम उठाने में जुट गई । आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था , जबकि पुलिस टीम द्वारा सुरागसरी पतारसी कर लगातार आरोपी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही थी और अंततः मुखबिर की सूचना के आधार पर दिनांक 06 अक्टूबर को आरोपी तेजासिंह उर्फ़ तारासिंह को सगोला नंदानगर से गिरफ्तार कर लिया गया । अब आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है ।