देवर ने तलवार से भाभी की कर दी हत्या
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
बिहार ( Bihar ) - से सनसनीखेज मामला सामने आ रहा है । यहाँ पश्चिमी चंपारण जिला अंतर्गत सिरसिया थाना क्षेत्र में देवर ने अपनी चचेरी भाभी की तलवार से काटकर हत्या कर दी और उसके बाद तलवार फेंक कर खुद थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया । पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है । पुलिस के मुताबिक पूर्वी तुरहापट्टी गांव निवासी मुनीर अहमद ने पड़ोस में रहने वाली अपनी चचेरे भाई आलमगीर अंसारी की 45 वर्षीय पत्नी सल्होदा खातून की तलवार से काटकर हत्या कर दी । इसके बाद उसने कुमारबाग थाना जाकर आत्मसमर्पण कर दिया । इसके बाद इसकी सूचना सिरसिया थाना को दी गई । घटना की ख़बर फैलते ही सनसनी मच गई । पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा । पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर लिया है । बताया जा रहा है देवर और भाभी दोनों पड़ोसी हैं । छह माह पूर्व बच्चों के विवाद को लेकर दोनों परिवार में मारपीट हुई थी । इसके बाद दोनों परिवारों में मनमुटाव चल रहा था । सोमवार की सुबह भी किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और मुनीर ने घर के दरवाजे पर बैठी अपनी भाभी पर तलवार से वार कर दिया , गम्भीर हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई । बताया जाता है कि आरोपी को ग्रामीणों ने जब पकड़ने की कोशिश की तो वह भागकर थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया । पुलिस अब मामले की जांच कर रही है ।