यहां शुरू हुई 38 वें राष्ट्रीय खेल की राफ्टिंग
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
देश भर से आए खिलाड़ियों ने देखी उत्तराखंड के साथ चंपावत की संस्कृति ।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ प्रतियोगिता का आगाज ।
चम्पावत में 38 वें राष्ट्रीय खेलों में मित्र देश नेपाल के कंचनपुर जिले के जिलाधिकारी नारायण प्रसाद सपकोटा तथा पुलिस अधीक्षक कंचनपुर चक्रराज जोशी शामिल होकर हुए गदगद ।
उत्तराखंड की पहचान छोलिया नृत्य तथा स्वागत गीत से हुआ अतिथियों का स्वागत ।
टनकपुर के काली शारदा नदी में 3 दिन चलेगी राफ्टिंग ( डेमो स्पोर्ट ) प्रतियोगिता ।
चम्पावत ( Champawat ) - 38 वें राष्ट्रीय खेलों के तहत चंपावत में टनकपुर के चरण मंदिर से शुरू हुई राफ्टिंग प्रतियोगिता बूम मंदिर में समाप्त हुई । 38 वें राष्ट्रीय खेलों के अवसर पर मित्र देश नेपाल के कंचनपुर जिले के जिलाधिकारी नारायण प्रसाद सपकोटा तथा पुलिस अधीक्षक कंचनपुर चक्रराज जोशी भी शामिल हुए । इस अवसर पर चम्पावत जिले के जिलाधिकारी ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी उत्तराखंड को मिली यह बेहद गर्व की बात है और राफ्टिंग ( डेमो स्पोर्ट ) प्रतियोगिता जनपद चंपावत में होना हमारे लिए और भी अधिक गौरव व सौभाग्य की बात है ।
राफ्टिंग ( डेमो स्पोर्ट ) प्रतियोगिता 08 फरवरी से 10 फरवरी तक चलेगी । इसमें 8 राज्यों के 85 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं । प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में आयोजित की जाएगी जिसमें महिला , पुरुष और मिक्स ग्रुप शामिल हैं । यहां आयोजन होने से देश भर के खिलाड़ी हमारी संस्कृति को जानेंगे एवं चंपावत की सांस्कृतिक पहचान भी बढ़ेगी । जिलाधिकारी ने कहा कि चंपावत अपनी सांस्कृतिक पहचान के लिए अलग मायने रखता है , ऐसे में राष्ट्रीय खेल जैसे आयोजन यहां होने से चंपावत के पर्यटन एवं सांस्कृतिक रूप को पंख लगेंगे । उन्होंने कहा कि , यहां आने वाले सभी प्रतिभागी अपना अच्छ प्रदर्शन करें एवं एक सकारात्मक भावना से प्रतियोगियों में प्रदर्शन करें । 38 वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत डेमो राफ्टिंग का प्रथम दिन प्रातः 9:00 बजे से पुरुष और महिला की स्प्रिंट और मिक्सड राफ्टिंग काकड़ घाट से बुम मंदिर तक हुई । उसके बाद अपराह्न 2 बजे डाउन रिवर की मेन और वुमेन प्रतियोगिता चरण मंदिर से बुम मंदिर तक हुई । जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी कंचनपुर नेपाल , जिलाधिकारी चंपावत नवनीत पांडे , पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति , पुलिस अधीक्षक कंचनपुर नेपाल चक्रराज जोशी ने हरी झंडी दिखाकर किया और सभी को शुभकामनाएं दी । निर्णायक टीम में प्रेसिडेंट इंडियन कयाकिंग एंड कैनोइंग प्रशान्त कुशवाहा , कंपटीशन डायरेक्टर बिलक्विस मिर , चीफ फिनिश जज , जयंकता सिंह , दिलीप , चेयरपर्सन राफ्टिंग पदम गुलेरिया रहे ।
जिलाधिकारी कंचनपुर नेपाल , जिलाधिकारी चंपावत नवनीत पांडे , पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति , पुलिस अधीक्षक कंचनपुर नेपाल चक्रराज जोशी ने विजेता टीमो को मेडल पहनाकर मौली प्रदान की । जिसमें पुरुष डाउन रीवर में गोल्ड मेडल कर्नाटक टीम ने जीता , रजत पदक एसएससीबी ने तथा कांस्य पदक आंध्र प्रदेश की टीम ने जीता । वहीं महिला डाउन रीवर में प्रथम स्थान पर रहकर गोल्ड कर्नाटक ने जीता , द्वितीय स्थान पर रहकर रजत पदक उत्तराखंड ने जीता तथा तृतीय स्थान पर रहकर चंडीगढ़ ने कांस्य पदक अपने नाम किया । जिलाधिकारी नवनीत पांडे ने पड़ोसी देश नेपाल से आए कंचनपुर के जिल्लाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को राष्ट्रीय खेलों में शामिल होने के उपलक्ष्य में स्मृति चिह्न प्रदान किया । इस अवसर पर सेक्टरी जनरल इंडियन ओलंपिक कमेटी डॉ डीके सिंह , जिला क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट , उप क्रीड़ा अधिकारी मुकेश शर्मा , विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी स्थानीय जनता तथा अन्य लोग उपस्थिति रहे ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: