लापरवाही : वन विभाग की लापरवाही से पर्यटक निराश
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
पिथौरागढ़ ( Pithoragarh ) - जिले से एक हैरान और परेशान करने वाली खबर आ रही है । यहां वन विभाग की लापरवाही से हिमनागरी मुनस्यारी का ट्यूलिप गार्डन अब अतीत का हिस्सा बन चुका है । एक समय था , जब यहां ट्यूलिप गार्डन के रंग - बिरंगे फूलों के बीच से हिमालय के रंग देखने के लिए पर्यटक पहुंचते थे , लेकिन आज सरकारी अफसरों की लापरवाही के चलते ट्यूलिप गार्डन अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है । यहां अभी भी कुछ पर्यटक पहुंच रहे हैं लेकिन अब यहां ऐसा लगने लगा है मानो ट्यूलिप गार्डन उन पर्यटकों से अपनी सुध लेने की गुहार लगा रहा हो । मिली जानकारी के मुताबिक वर्ष 2020 - 21 में ट्यूलिप गार्डन बनाया गया था और यहां ट्यूलिप के फूल खिले । जिसके बाद धीरे - धीरे यहां पर्यटक आने शुरू हुए । यहां की सुंदरता देखकर लोगों ने फोटोशूट किया और शोसल मीडिया में ये ट्यूलिप गार्डन छा गया था । ऐसा होता देख सरकार ने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए इसके फ़ोटो खूब प्रचारित किए थे । लेकिन अब ट्यूलिप गार्डन सिर्फ अतीत की यादों में बचा हुआ है । लोगों का कहना है , वन विभाग और सरकार की उदासीनता के कारण आज ट्यूलिप गार्डन अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है । अब पर्यटकों को यहां ट्यूलिप गार्डन के बजाय बंजर खेत दिखाई दे रहे हैं और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: