दर्दनाक : भगदड़ में 18 की मौत , कई घायल
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
नई दिल्ली ( New Delhi ) - रेलवे स्टेशन में भगदड़ मचने से 18 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर आ रही है । आंखिर रेलवे स्टेशन पर भगदड़ का क्या कारण है ? यह सवाल हर किसी के जेहन में है और इसका जवाब हर कोई जानना चाहता है ।भगदड़ की शुरुआती रिपोर्ट आई सामने -
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार , विशेष ट्रेन की घोषणा के कारण रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मच गई थी । सूत्रों के अनुसार , नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लगातार भीड़ बढ़ रही थी । हालात यह थे कि एक घंटे के अंदर 1500 टिकट खरीदे जा रहे थे । बड़ी संख्या में भीड़ महाकुंभ जाने वालों की थी , जबकि प्रयागराज जाने वालीं दो स्पेशल ट्रेनें देरी से चल रही थी । ऐसे में रेलवे ने एक और प्रयागराज स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया और प्लेटफॉर्म नंबर 16 से जाने की घोषणा कर दी । ऐसे में अन्य प्लेटफॉर्म पर इंतजार में बैठे लोग स्पेशल ट्रेन में सवार होने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर जाने के लिए भागने की कोशिश करने लगे । जिसके बाद स्थिति पर काबू नहीं पाया जा सका । सूत्रों का कहना है कि प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालु प्लेटफॉर्म 14 पर बैठे थे और स्पेशल ट्रेन आने का इंतजार कर रहे थे । जबकि इससे सटे प्लेटफॉर्म नंबर 13 पर बिहार के लिए ट्रेन जानी थी । अनाउंसमेंट के बाद भीड़ प्लेटफॉर्म 16 पर पहुंचने के लिए भागने लगी और लोग इसकी चपेट में आ गए । जानिए क्या कहा कुली ने -
भदगड़ मामले में रेलवे स्टेशन पर एक कुली ने बताया कि , वो 1981 से कुली का काम कर रहा है । उसने पहले कभी इस तरह की भीड़ नहीं देखी । प्रयागराज स्पेशल को प्लेटफॉर्म नंबर 12 से रवाना होना था , लेकिन इसे प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर शिफ्ट कर दिया गया । जब प्लेटफॉर्म नंबर 12 पर इंतजार कर रही भीड़ और बाहर इंतजार कर रही भीड़ ने प्लेटफॉर्म 16 पर पहुंचने की कोशिश की तो लोग आपस में टकराने लगे और एस्केलेटर और सीढ़ियों पर गिर गए ।हर तरफ जूते और चप्पल बिखरे थे -
भीड़ को रोकने के लिए कई कुली वहां जमा हो गए । कुलियों ने कम से कम 15 बॉडी को देखा और एम्बुलेंस में रखवाया । प्लेटफॉर्म पर हर तरफ जूते और कपड़े बिखरे पड़े थे । पुलिस , फायर टेंडर को बुलाया गया और 3 - 4 एम्बुलेंस वहां पहुंचीं और लोगों को अस्पताल ले जाया गया ।कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने जताया दुख -
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में , नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी घटना पर दुख जताया है । राहुल ने एक्स पर लिखा , नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से कई लोगों की मृत्यु और घायल होने की खबर अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है । शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं । यह घटना एक बार फिर रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है । प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए थे । सरकार और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतजामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े ।मुवावजे का हुआ ऐलान -
भीषण भगदड़ मामले में रेलवे प्रशासन ने मुआवजे का ऐलान किया है और वितरण भी शुरू कर दिया है । मृतकों के परिजनों को 10 - 10 लाख रुपए का मुआवजा दिया जा रहा है , जबकि गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपए दिए जा रहे हैं । इसके अलावा , मामूली रूप से घायलों को एक लाख रुपए का मुआवजा दिया जा रहा है ।देशभर में शोक की लहर -
इस भगदड़ में लोगों की मौत की खबरों से पूरे भारतवर्ष में हर कोई व्यथित है ।