कोहराम : पिता के डूबने के 15 दिन बाद , बेटा भी उसी नाले में डूबा
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
उधम सिंह नगर ( U S Nagar ) - से एक बेहद दुःखद खबर सामने आ रही है । यहां भारत - नेपाल सीमा पर स्थित वन महोलिया गांव में बुधवार शाम नाले में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई । बताया जा रहा है करीब 15 दिन पहले इसी नाले में डूबने से उसके पिता की भी मौत हो गई थी । परिवार में 15 दिनों के भीतर दो लोगों की मौत से कोहराम मचा हुआ है और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है । वन महोलिया निवासी 45 वर्षीय सुभाष पुत्र रामचंदर की बुधवार शाम को अपने घर के पीछे बहने वाले नाले में डूबने से मौत हो गई थी । परिजनों ने बताया कि 26 मार्च को इसी नाले में डूबने से उसके पिता रामचंदर की भी मौत हो गई थी । पिता की मौत के बाद सुभाष रस्म पगड़ी कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बुधवार शाम के समय घर के पीछे बहने वाले नाले की ओर गया था । वह नाले की गहराई नापने की बात कह रहा था लेकिन इस दौरान वह नाले में डूब गया । परिजनों ने बताया कि उस समय सुभाष घर पर पत्नी के साथ था । पत्नी ने उसे नाले में जाने से रोका लेकिन वह नहीं माना । आसपास के ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया था , लेकिन वह तब तक डूब चुका था । 15 दिन के भीतर दो लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है । सुभाष अपने पीछे पत्नीब, एक पुत्री और दो पुत्रों को रोता बिलखता छोड़ गया । परिजनों ने बताया , सुभाष टाइल्स मिस्त्री का काम करता था । अब पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: