हंगामा : नवजात की मौत पर अस्पताल में हंगामा
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
देहरादून ( Dehradun ) - दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के दौरान एक नवजात की मौत हो गई । परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया । उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ के गांव जुग्याड़ा निवासी कृतिराम की पत्नी सुचिता को उत्तरकाशी से स्थिति सामान्य न होने के चलते प्रसव के लिए दून रेफर किया गया । कहा गया कि सामान्य डिलीवरी नहीं हो सकती । पति कृतिराम , उनके भाई राकेश जगूड़ी ने बताया कि 15 अप्रैल को गर्भवती को एंबुलेंस से लेकर देहरादून पहुंचे । 16 अप्रैल को महिला ने बच्चे को सामान्य डिलीवरी के माध्यम से जन्म दिया , लेकिन दिल की गति सामान्य नहीं हुई और उसकी मौत हो गई । परिजनों ने हंगामा कर आरोप लगाया कि सामान्य प्रसव संभव नहीं था तो उनको बताना चाहिए था । डॉक्टर से मिलने की कोशिश की तो कोई डॉक्टर मिलने को तैयार नहीं था । कहा कि डॉक्टरों द्वारा उन्हें समय से बताना चाहिए था । उन्होंने संबंधित डॉक्टरों एवं स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है । परिजन राकेश जगूड़ी , सीमा गौड़ आदि ने भी आरोप लगाया कि डॉक्टरों द्वारा लापरवाही की गई है ।