गोठ में घुसकर 12 बकरियों को उतारा मौत के घाट
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
पिथौरागढ़ ( Pithoragarh ) - जिले से गुलदार के आतंक की खबर आ रही है । यहां , जिले की गंगोलीहाट तहसील के कोलिया गांव में गुलदार के आतंक से लोग परेशान हैं । यहां गोठ में घुसकर गुलदार ने एक पशुपालक की 12 बकरियों को मार डाला ।गोठ की कुंडी टूटी मिली -
पशुपालक मदन सिंह भंडारी ने बताया , 29 अप्रैल को रात 10 बजे वो बकरियों के गोठ मे कुंडी लगाकर सो गए थे । दूसरे दिन सुबह उठकर देखा तो बकरियों के गोठ की लोहे की कुंडी टूटी हुई थी । अंदर जाकर देखने पर 11 बकरियां खून से लथपथ मृत पड़ी थी और एक बकरे को गुलदार अपने साथ उठाकर ले गया था ।बकरियां थी भरण - पोषण का माध्यम -
पशुपालक भंडारी ने बताया , वो पशुपालन कर अपने परिवार का भरण - पोषण करते थे । लेकिन इस घटना के बाद उसके सामने अब रोजगार का संकट खड़ा हो गया है । उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए बताया , सालों की मेहनत पल भर में चौपट होने के बाद उनका मन व्यथित है ।वन विभाग व पशुपालन विभाग पहुंचा मौके पर -
सूचना मिलने के बाद वन विभाग मौके पर पहुंचा । वन आरक्षी दिनेश कुमार ने जांच रिपोर्ट डीएफओ आशुतोष सिंह को भेज दी है । वहीं पशु अस्पताल गंगोलीहाट के वैक्सीनेटर जीवन सिंह भंडारी व पशुधन प्रसार अधिकारी प्रदीप यादव ने बताया उच्च अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई है । रेंजर बृजमोहन टम्टा ने बताया कि , पशुपालक को प्रति बकरी 5 हजार का मुआवजा दिया जाएगा ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: