सरपंच , विधायक प्रतिनिधि का भाई और 11 जुआरी गिरफ्तार
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
छत्तीसगढ़ ( Chhattisgarh ) - से बड़ी खबर आ रही है , यहां कोरबा जिले में सरपंच और विधायक प्रतिनिधि के भाई सहित 11 जुआरी गिरफ्तार किए गए हैं । कोरबा जिले के ग्राम गोढ़ी में पुलिस ने जुए अड्डे पर छापा मारकर 11 जुआड़ियों को गिरफ्तार किया है । इनमें एक विधायक प्रतिनिधि का भाई और एक सरपंच भी शामिल है । मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है , यहां जुआरी पिकनिक के बहाने बकरा - भात का आयोजन करते थे । स्थानीय लोगों के अलावा बाहर से भी लोग जुआ खेलने आते थे । खेत जैसी जगह पर जुआ खेला जा रहा था , छापेमारी में पुलिस ने एक लाख 57 हजार रुपए नकद , 10 दोपहिया वाहन और एक कार जब्त की है । इसके अलावा मोबाइल , ताश की पत्तियां , एलईडी लाइट , बिजली के तार और दरी भी बरामद की । कुछ जुआरी पुलिस को देखकर भाग निकले । मन्नू उर्फ अमित नाम का व्यक्ति गोढ़ी और आसपास के गांवों से जुआरियों को बुलाता था । वह बकरा - भात का आयोजन कर रात में जुआ खिलवाता था । यहां , जुआरियों ने पूरी व्यवस्था की थी । एलईडी लाइट के अलावा बिजली जाने पर दिये - मोमबत्ती का इंतजाम था । यहां दरी और चटाई भी बिछाई जाती थी । इन जुआरियों में नियम था कि , हारने वाला खेल खत्म होने तक नहीं जा सकता था । उन्हें डर रहता था कि कहीं हारने वाला पुलिस को सूचना न दे दे ।