हत्याकांड : राजा रघुवंशी हत्याकांड की सुलझ गई गुत्थी , लेकिन केस में आया नया मोड़ ?
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
मेघालय - में पति राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार की गई इंदौर की सोनम रघुवंशी के राज बहुत गहरे हैं । हनीमून कपल के मेघायल में लापता होने की कहानी हर दिन नए मोड़ लेते हुए मर्डर मिस्ट्री तक पहुंच गई । अब तक यह तो साफ हो चुका है कि , राजा का कत्ल हुआ और इसे सोनम , राज और उसके तीन दोस्तों ने अंजाम दिया । लेकिन अब भी कई अनसुलझे सवाल जिनकी तलाश पुलिस आरोपियों से पूछताछ के जरिए कर रही है । अभी यह साफ होना बाकी है कि इस हत्याकांड का असली मास्टरमाइंड कौन है , राज कुशवाहा या सोनम रघुवंशी ? टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों से बातचीत के आधार पर बताया गया है कि सोनम ही इस पूरे मामले की असली मास्टरमाइंड है और संभव है कि राजा का इस्तेमाल एक मोहरे के रूप में ही किया गया । सभी आरोपियों से पूछताछ की निगरानी कर रहे वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सोनम ने सभी को झांसे में लेकर इस्तेमाल किया । राज को प्यार का वादा दिया तो अन्य को पैसों का लालच । अब तक यह माना जा रहा था कि , राज इस पूरे मामले का असली साजिशकर्ता है । उसे सोनम का प्रेमी बताया जा रहा था । रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस मामले में और भी बड़े खेल का खुलासा हो सकता है । ऐसा प्रतीत होता है कि राज का इस्तेमाल मोहरे के रूप में हुआ है । उन्हें शक है कि सोनम किसी तीसरे के साथ भागने की फिराक में थी और राज इस बड़े खेल से अनभिज्ञ था और इसलिए वह सोनम रघुवंशी की मदद करता रहा । अब यह तीसरा शख्स कौन था ? यह खुलासा होना बाकी है । लेकिन ध्यान देने लायक बात यह है कि , सोनम का परिवार और प्लाईवुड कंपनी में काम करने वाले लोग यह बार - बार दोहरा रहे हैं कि , सोनम और राज के बीच प्रेम संबंध नहीं था । राज सोनम को दीदी बोलता था और सोनम उसे कई बार राखी बांध चुकी थी । यदि सोनम और राज के बीच सच में कोई ऐसा रिश्ता नहीं था तो उसने किसके लिए अपने पति की जान ली , यह सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है । शिलॉन्ग पुलिस जहां घटनास्थल पर सोनम और अन्य आरोपियों को ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट करके सबूत जुटाएगी तो दूसरी तरफ आरोपियों को इंदौर भी लाने की योजना है । राजा की हत्या के बाद सोनम इंदौर में कहां रुकी और किस - किस से मिली , इसकी तहकीकात के बाद नए पहलू सामने आ सकते हैं । फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है । बुधवार को सूत्रों के हवाले से खबर आई कि सोनम ने सबूतों को देखकर अपना गुनाह कबूल कर लिया है । लेकिन अब बड़ी खबर ये आ रही है कि , सोनम अपने बयानों से मुकर गई है ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: