वाराहीधाम में बाबा कल्याण दास महाराज , भगत सिंह कोश्यारी और गोविंद सिंह कुंजवाल का आगमन
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी , पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल का भी किया गया भावपूर्ण स्वागत ।
चम्पावत ( Champawat ) - जिले के देवीधुरा स्थित मां वाराही धाम में चंपावत , अल्मोड़ा व नैनीताल जिले के लोग लगातार पहुंच रहे थे । मां वाराही धाम देवीधुरा की वादियां वाद्य यंत्रों की झंकार , ढोल नगाड़ों का मधुर स्वर , आंचलिक गीतों में थिरकते छोलिया नृतक , तूरी की तान , हाथों में श्रद्धा सुमन लिए स्त्री , पुरुषों के साथ उमड़ें श्रद्धालुओं के सैलाब में मां के जयकारों से गूंज उठी । वाराही धाम को जोडने वाले सभी मार्गों से भक्ति व श्रद्धा का भाव उमड़ रहा था । यह मौका था , वाराही धाम में विश्व कल्याण के लिए चल रही विशाल भागवत कथा के श्रवण के लिए बाबा कल्याण दास जी महाराज के साथ आए अयोध्या से महामंडलेश्वर भरतदास जी , स्वामी तिर्भुवनदास जी , स्वामी जगदीशानंद जी के साथ पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल के आगमन का । उन्हें , वाराही धाम के हनुमान मंदिर से मांगलिक गीतों के साथ उन पर पुष्प वर्षा कर भव्य शोभा के साथ मंदिर प्रांगण के पंडाल में लाया गया । कथा स्थल में व्यासपीठ से मानसरत्न कथावाचक आचार्य प्रकाश कृष्ण शास्त्री जी द्वारा सभी को आशीर्वाद दिया गया । महिलाओं द्वारा उनकी आरती उतारी गयी । विक्रम कठायत के संचालन में मंदिर कमेटी के मुख्य संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया , अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट , खाम प्रमुख त्रिलोक सिंह बिष्ट , गंगा सिंह चम्याल , बद्री सिंह , विरेन्द्र सिंह लमगड़िया , चेतन भैया , सतीश चंद्र पांडे , ईश्वर बिष्ट , हयात सिंह बिष्ट , चंदन सिंह बिष्ट , दीपक चम्याल , राकेश बिष्ट आदि लोगों ने स्वागत किया । स्वामी कल्याण दास जी महाराज ने अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि , वैसे तो वाराही धाम का भक्ति व शक्ति के उपासक के लिए विशेष स्थान है । अब यहां राजस्थान की शिल्पकला पर आधारित विशाल मंदिर का निर्माण किया जाएगा , जिसमें प्रत्येक घर की श्रद्धा का समावैश किया जाएगा । उन्होंने कहा वह दिन दूर नहीं जब इस धाम की ओर दुनिया के लोगों का रुख होगा , पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा जहां महापुरुषों की कृपा होती है , उस स्थान में दिव्यता और भव्यता स्वत: आ जाती है । उन्होंने विश्व कल्याण के लिए यहां प्रतिवर्ष की जा रही महापुराण कथा के आयोजन के लिए सभी को बधाई दी , यहां पुराण कथा को सुनने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई थी । कथावाचक पुराणों के मर्मज्ञ आचार्य प्रकाश कृष्ण शास्त्री जी ने भागवात कथा में छिपे रहस्यों को उद्घाटित किया ।सिग्नेचर ग्लोबल कम्पनी ने लगाया विशाल भंडारा -
हरियाणा के सिग्नेचर गलोबल कंपनी की ओर से वाराही धाम में विशाल भंडारा लगाया गया । हरियाणा की सिग्नेचर गलोबल कंपनी की दानवीर स्वामी गीता अग्रवाल तथा उनके पुत्र प्रदीप , ललित , देवेंद्र और रवि की ओर से विशाल भंडारा लगाया गया । जिसमें पांच हजार से अधिक लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया गया । कंपनी के प्रतिनिधि मदन बोहरा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: