चमोली में चम्पावत के विजय देऊपा ने भी कराया योगाभ्यास , मुख्यमंत्री व 8 देशों के राजदूत रहे शामिल
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चमोली ( Chamoli ) - भराडीसैंण में भव्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह एक पृथ्वी , एक स्वास्थ्य थीम पर चम्पावत के योगाचार्य विजय देऊपा ने योगाभ्यास कराया । इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी , 8 देशों के राजदूतों और आमजन ने योगाभ्यास किया । 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर , उत्तराखंड के भराडीसैंण स्थित विधानसभा परिसर एक अनूठे और भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का साक्षी बना । इस वर्ष की थीम एक पृथ्वी , एक स्वास्थ्य के लिए योग पर आधारित इस आयोजन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी , 8 देशों के सम्मानित राजदूतों और बड़ी संख्या में करीब एक हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । इस कार्यक्रम को अत्यंत व्यापक और भव्य रूप से मनाया गया । यह आयोजन दर्शाता है कि योग की शक्ति और चमत्कार को अब केवल भारत ही नहीं , बल्कि पूरी दुनिया ने मान्यता दी है । इस विशेष अवसर पर , योग प्रशिक्षकों ने सभी उपस्थितजनों को विभिन्न योगासनों , प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया , जिससे सभी ने योग के गहरे लाभों का अनुभव किया । इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपस्थितजनों को संबोधित किया । उन्होंने कहा कि योग भारत की अत्यंत प्राचीन और अमूल्य विरासत है , जिसने पीढ़ी दर पीढ़ी मानव मात्र को स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग दिखाया है । मुख्यमंत्री ने योग के शारीरिक , मानसिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर मजबूत और निरोगी बनता है , बल्कि मन शांत होता है और आत्मा भी निर्मल होती है । इस बात पर विशेष जोर दिया कि योग को केवल कुछ शारीरिक आसनों तक सीमित न समझा जाए , बल्कि इसे अपनी सोच , व्यवहार और जीवनशैली का एक अभिन्न अंग बनाया जाए । उन्होंने कहा कि निरोगी शरीर और एक संतुलित , आनंदमय जीवन के लिए योग वास्तव में प्रकृति और हमारी संस्कृति द्वारा दिया गया एक अमिट उपहार है । भराडीसैंण में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक भावना के अनुरूप था , जिसमें विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और स्थानीय जनता ने मिलकर योग के माध्यम से स्वास्थ्य , शांति और वैश्विक सौहार्द का संदेश दिया ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: