नवनियुक्त डीएम ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कार्यालयों का किया निरीक्षण
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
रिपोर्ट - बालकराम नौटियाल
उत्तरकाशी ( Uttarkashi ) - जिले के नवनियुक्त जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्या शनिवार को जिला कार्यालय पहुंचे ।जिला कार्यालय पहुंचने पर कार्यालय के कार्मिकों द्वारा नव नियुक्त जिलाधिकारी का स्वागत किया गया । जिलाधिकारी ने कार्यभार संभालने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत की । उन्होंने पत्रावलियों के रख - रखाव , लंबित प्रकरणों की स्थिति , जन शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया और कर्मचारियों की उपस्थिति का गहनता से अवलोकन किया । जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पारदर्शिता और दक्षता पर जोर देते हुए सभी को जनोन्मुखी होकर कार्य करने के निर्देश दिए । इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों से जिले के प्रमुख विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की ।
जिलाधिकारी ने कहा उनकी प्राथमिकता चारधाम यात्रा , पंचायत चुनाव , आपदा प्रबंधन के अतिरिक्त सुशासन सुनिश्चित करना और आम जनता को बिना किसी परेशानी के सरकारी सेवाओं का लाभ दिलाना है । जिलाधिकारी ने सभी कर्मचारियों को टीम भावना के साथ काम करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए निर्देश दिये । जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं । इस अवसर पर एडीएम मुक्ता मिश्र , एसडीएम डुंडा देवानंद शर्मा , जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार , जिला खान अधिकारी प्रदीप कुमार , आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: