वाहन नदी में गिरा , चालक को बमुश्किल बाहर निकाला
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
उत्तरकाशी ( Uttarkashi ) -मौसम विभाग की भारी बारिश की भविष्यवाणी सटीक साबित हो रही है । पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है , जिससे जनजीवन अस्त - व्यस्त हो गया है । लगातार हो रही भारी बारिश से नदियों का जलस्तर काफी बढ़ चुका है , जबकि नालों और गधेरों ने भी रौद्र रूप ले लिया है । उत्तराखंड में बारिश के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित उत्तरकाशी जिला हुआ है । रविवार शाम मोरी विकासखंड के लिवाड़ी - फीताड़ी सड़क से एक वाहन रूपिन नदी में जा गिरा । वाहन में सिर्फ चालक ही सवार था , जो वाहन के नदी में गिरते ही वाहन की छत पर बैठ गया । इसके बाद स्थानीय लोगों ने रस्सी फेंककर नदी के बीच फंसे चालक का सकुशल रेस्क्यू किया । इस पूरे मामले पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ समेत पुलिस और राजस्व विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया । हालांकि , टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने रस्सी के सहारे चालक का सकुशल रेस्क्यू कर लिया था । चालक सही सलामत है , वहीं वाहन को रस्सी से बांधकर नदी में बहने से रोका गया है । नदी का बहाव कम होते ही वाहन को नदी के बीच से बाहर निकाला जाएगा ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: