अलर्ट : उत्तराखंड में बारिश का जारी हुआ अलर्ट
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
देहरादून ( Dehradun ) - उत्तराखंड में मानसून की मार थमने का नाम नहीं ले रही है । एक बार फिर मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी से भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है । देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 9 जिलों के लिए रेड अलर्ट और अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है । मौसम विभाग के मुताबिक , देहरादून , उत्तरकाशी , रुद्रप्रयाग , टिहरी , पौड़ी , हरिद्वार , नैनीताल , चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में अगले 24 से 48 घंटों तक बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका है । इन जिलों में लगातार हो रही वर्षा के चलते भूस्खलन , सड़क अवरुद्ध होने , नदियों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी और शहरों में जलभराव जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं । इस दौरान आम लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है । मौसम वैज्ञानिकों ने स्पष्ट किया है कि रात के समय भी सतर्क रहने की आवश्यकता है , क्योंकि अंधेरे में जलभराव और भू - स्खलन की घटनाएं अधिक जोखिम भरी हो सकती हैं । खासकर पर्वतीय और नदी किनारे बसे क्षेत्रों में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है । आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है , वहीं स्थानीय प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है । जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जाए । आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम की अद्यतन जानकारी लेते रहें और प्रशासन के दिशा - निर्देशों का पालन करें ।