युवक की हत्या मामले में दो नामजद गिरफ्तार
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
पिथौरागढ़ ( Pithoragarh ) - जिले की पुलिस ने धारचूला हत्याकांड से संबंधित 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है । दोनों अभियुक्तों पर पुलिस ने 10 - 10 हजार रूपये का ईनाम भी घोषित किया था । मामला 08 जून 2025 का है , जब कोतवाली धारचूला में वादी गोवर्धन सिंह निवासी धारचूला द्वारा तहरीर दी गई कि 7 जून को उनके पुत्र कमलेश दानू की चन्दू खैर , सचिन नबियाल व उनके अन्य साथियों द्वारा चाकू मारकर हत्या कर दी गई है । पुलिस ने तहरीर के आधार पर कोतवाली धारचूला में अभियुक्त चन्दू खैर , सचिन नबियाल व उनके साथियों के विरुद्ध धारा 103(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था । विवेचना को दौरान रमेश रायपा का नाम भी प्रकाश में आया था । हत्या के उपरांत अभियुक्तगण मौके से फरार हो गए थे । मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव द्वारा अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया । पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा अभियुक्तों पर 10 -10 हजार रूपये का ईनाम भी घोषित किया गया । पुलिस टीमों द्वारा सघन सुरागरसी , पतारसी एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से लगातार प्रयास किए । सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई । पुलिस ने तमाम प्रयासों के बाद 25 जून को हत्या के मुख्य आरोपी चन्द्र सिंह खैर उर्फ चन्दू खैर को टनकपुर स्थित शारदा नहर के किनारे मनिहार गोठ रोड से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था , जबकि दो अन्य अभियुक्तों की तलाश के प्रयास जारी थे । पुलिस ने प्रयासों के बाद अभियुक्त सचिन नबियाल पुत्र चन्द्र सिंह , निवासी - ग्राम नाबि , हाल - खोतिला धारचूला व रमेश सिंह रायपा पुत्र जंगवीर सिंह , निवासी - बूदी , हाल - खोतिला , धारचूला को झूला पुल धारचूला के पास से गिरफ्तार कर लिया । अब अभियुक्तो को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: