निर्विरोध : प्रधानाचार्य से प्रधान तक का सफर
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चम्पावत ( Champawat ) - अगर किसी व्यक्ति की सेवा उत्कृष्ट रहती है , तो उस व्यक्ति की हर ओर मांग रहती है । ऐसा ही चम्पावत जिले के पाटी विकासखंड में देखने को मिला है । पाटी विकासखंड की दूरस्थ ग्राम पंचायत कजीना के लोगों ने प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त होते ही भगवती प्रसाद जोशी को निर्विरोध ग्राम प्रधान चुन लिया । शिक्षा विभाग में उनका प्रवक्ता भूगोल से प्रधानाचार्य तक का सफर , शिक्षा विभाग के लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ । शिक्षा विभाग में 36 साल की सेवा देने के बाद भगवती प्रसाद जोशी रा०उ०मा०वि० चिल्किया , रामनगर से सेवानिवृत्त हुए । शिक्षा विभाग में 36 सालों की सेवा के अनुभव को , ग्रामीणों ने उन्हें निर्विरोध ग्राम प्रधान चुनकर अपने पाले में कर लिया । अब ग्राम पंचायत के लोग सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के जीवन के अनुभव का लाभ लेंगे ।2 जुलाई की बैठक में प्रधानाचार्य से प्रधान तक का सफर हुआ तय -
2 जुलाई को कजीना ग्राम पंचायत के लोगों ने पंचायत स्तर पर एक अहम बैठक का आयोजन किया । बैठक में ग्राम पंचायत के बुजुर्गों , महिलाओं , पुरुषों और युवाओं ने एक स्वर में रिटायर्ड प्रधानाचार्य भगवती प्रसाद जोशी को तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपना निर्विरोध ग्राम प्रधान चुन लिया ।ग्राम पंचायत वासियों ने पेश की एकता की मिशाल -
जहां , आज के दौर में भाई - भाई चुनाव मैदान में उतरे हुए हैं और एक प्रत्याशी दूसरे प्रत्याशी के नामांकनों में आपत्ति लगा रहे हैं । लेकिन , ग्राम पंचायत कजीना के लोगों ने एकता की मिशाल पेश करते हुए रिटायर्ड प्रिंसिपल भगवती प्रसाद जोशी को अपना निर्विरोध ग्राम प्रधान चुना है । ग्राम पंचायत वासियों ने , सामाजिक एकता का परिचय देते हुए एक मिशाल कायम की है । कजीना ग्राम पंचायत वासियों के इस फैसले की आज चारों ओर चर्चा है और हर कोई इस फैसले की तारीफ़ कर रहा है । कजीना ग्राम पंचायत वासियों का यह फैसला न सिर्फ लोगों के लिए मिशाल बना है , बल्कि कजीना ग्राम पंचायत के लोगों ने अन्य लोगों की नजर में अपने लिए और अधिक सम्मान बढ़ा लिया है ।ग्राम पंचायत के फैसले पर खरा उतरूंगा - भगवती प्रसाद जोशी
कजीना ग्राम पंचायत के निर्विरोध चुने गए ग्राम प्रधान भगवती प्रसाद जोशी ने खुद पर विश्वास जताने के लिए ग्राम पंचायत वासियों को धन्यवाद कहा है । उनका कहना है , वो ग्राम पंचायत के विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिस करेंगे । उत्तराखंड हिंदी समाचार के साथ हुई बातचीत में उन्होंने बताया , वो ग्राम पंचायत में पेयजल की समस्या के समाधान और ग्राम पंचायत को जोड़ने वाली खस्ताहाल हो चुकी सड़क को दुरुस्त करवाने के लिए प्रयास करेंगे । स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए हर वो प्रयास करेंगे , जिससे ग्रामीणों के नौनिहालों को बेहतर शिक्षा मिल सके । उन्होंने कहा , ग्राम पंचायत में हर माह बैठक कर वार्ड सदस्यों से उनके वार्ड की प्रमुख समस्या पर चर्चा करते हुए ग्राम पंचायत के विकास का खाका तैयार करेंगे । उन्होंने , पर्यावरण संरक्षण और मृदा अपरदन को रोकने के क्षेत्र में कार्य करने की बात कही है । निर्विरोध चुने गए ग्राम प्रधान भगवती प्रसाद जोशी ने कहा , ग्रामीणों को बागवानी और ऑर्गेनिक खेती से जोड़कर उनकी आय को दोगुना करने के प्रयास करेंगे । इसके साथ - साथ सरकार की उन योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे , जो उनके लिए लाभकारी सिद्ध होंगी । निर्विरोध चुने गए ग्राम प्रधान भगवती प्रसाद जोशी ने बातचीत के दौरान उत्तराखंड हिंदी समाचार को बताया कि , वो अपनी ग्राम पंचायत में सुनियोजित और व्यवस्थित विकास का ऐसा मॉडल पेश करेंगे , जो अन्य ग्राम पंचायतों के लिए नजीर बनेगा ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: