कुमाऊं में अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्कर गिरोह का भंडाफोड़
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
10 करोड़ 23 लाख 84 हजार रुपए मूल्य के नशीले पदार्थ की भारी बरामदगी , आईजी कुमाऊं ने घोषित किया 20 हजार रुपए का ईनाम ।
चम्पावत / पिथौरागढ़ ( Champawat / Pithoragarh ) - पुलिस द्वारा आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नशा मुक्त उत्तराखंड की परिकल्पना को उस समय बड़ी कामयाबी मिली जब पुलिस ने नशीला पदार्थ एमडीएमए की 5 किलो 688 ग्राम की बरामदगी कर एक महिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया , जबकि उसका पति व अन्य साथी भागने में सफल हो गए । जिन्हें पकड़ने के लिए अब पुलिस ने अपना जाल बिछा दिया है । पुलिस की इस सफलता एवं उत्तराखंड में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद करने के लिए आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल द्वारा 20 हजार रुपए का ईनाम देने की घोषणा की है । पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पत्रकारों को बताया कि बरामद ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10 करोड़ 23 लाख 84 हजार रुपए है । इस ड्रग का उपयोग बड़े शहरों व क्लबों में किया जा रहा है ।महंगे ड्रग्स के विकल्प के रूप में इसका प्रयोग नशे के लिए काफी किया जा रहा है । बड़े शहरों में इसकी डिमांड काफी बढ़ गई है ।पश्चिमी देशों में युवाओं के बीच भी यह काफी लोकप्रिय है तथा भारत में भी इसकी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है । एसपी ने बताया हाल में ही महाराष्ट्र पुलिस द्वारा पिथौरागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्यवाही का संज्ञान लेते हुए आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल द्वारा नेपाल सीमा पर सख़्त निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस को नजर रखने हेतु निर्देशित किया गया था । आईजी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति व पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव के निर्देश पर दोनों जनपदों की संयुक्त टीम द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सतर्क नजर रखी जा रही थी तथा सूचनाओं का आदान - प्रदान किया जा रहा था । आंखिर पुलिस की मेहनत रंग लाई औऱ शनिवार को सीओ टनकपुर वंदना वर्मा के नेतृत्व में एसओजी प्रभारी लक्ष्मण सिंह जगवान व एसओ सुरेंद्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुबह लगभग 6:00 बजे के आसपास नेपाल सीमा से लगी शारदा नहर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया । चेकिंग के दौरान एक महिला इशा पत्नी राहुल कुमार निवासी पंपापुर बनबसा को पिट्ठू बैग लेकर नहर की ओर भागते हुए देखा तो महिला संदिग्ध प्रतीत हो रही थी । जिस पर पुलिस ने महिला को रोका तथा पुलिस उपाधीक्षक वंदना वर्मा द्वारा महिला के बैग की तलाशी ली , जिसमें 5 किलो 688 ग्राम एमडीएम ड्रग्स मिला , जिसे एमडी के नाम से भी जाना जाता है । इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद होने पर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया । जिसके खिलाफ थाना बनबसा में कानूनी कार्रवाई की जा रही है । एसपी ने बताया पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने जानकारी दी कि बैग में एमडीएम ड्रग्स है जो उसके पति राहुल कुमार व उसके सहयोगी कुणाल कोहली निवासी टनकपुर द्वारा 27 जून को उसे पिथौरागढ़ से लाकर दिए थे । आजकल पुलिस की सक्रियता को देखते हुए आज वह बरामद माल को शारदा नहर में फेंकने जा रही थी । इस दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है । एसपी ने बताया गिरफ्तार महिला का पति राहुल कुमार व उसका सहयोगी कुणाल कोहली फरार चल रहे हैं , जिसकी पुलिस के द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है । एसपी ने बताया इन अपराधियों का इतिहास खंगालने पर पता चला कि इनके द्वारा पिथौरागढ़ जिले के थल क्षेत्र में नशीले पदार्थ बनाने के लिए एक लैब बनाई गई थी । जहां यह लोग इस ड्रग्स को तैयार करते थे । जिस पर पिथौरागढ़ पुलिस के द्वारा कार्रवाई कर इस लैब के उपकरणों को जब्त किया गया था । एसपी ने बताया इस ड्रग्स को यह लोग बड़े महानगरों खासकर मुंबई में ले जाया करते थे । उन्होंने कहा इस ड्रग्स के स्रोत व अंतरराष्ट्रीय संपर्क को खासकर नेपाल व नाइजीरिया नेटवर्क की पुलिस के द्वारा जांच की जा रही है । एसपी ने बताया वर्ष 2024 में चंपावत पुलिस ने चार करोड रुपए से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं , जिसमें 1 किलो 280 ग्राम स्मैक और 60.50 किलोग्राम चरस शामिल है तथा वर्ष 2025 में अब तक चंपावत पुलिस के द्वारा 11 करोड रुपए के अवैध ड्रग्स व नशीले पदार्थ बरामद कर कई नशा तस्करों को जेल भेजा गया है । एसपी ने पूरी पुलिस टीम की पीठ थपथपाई । अभियान में सीओ टनकपुर वंदना वर्मा , एसओजी प्रभारी लक्ष्मण सिंह जगवान , थाना अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा , एसआई सोनू सिंह , एचसी गणेश सिंह बिष्ट , संजय शर्मा , कांस्टेबल नासिर , उमेश राज , सूरज कुमार , कुलदीप सिंह, मदन सिंह , जगदीश कन्याल , महिला , कांस्टेबल , राकेश्वरी राणा इनके अलावा पिथौरागढ़ पुलिस के एसआई प्रकाश पांडे प्रभारी एसओजी व कांस्टेबल कमल शामिल रहे ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: