सनसनी : जंगल में फांसी के फंदे पर झूलता मिला युवक
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चमोली ( Chamoli ) - पवित्र हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग से एक चौंकाने वाली और रहस्यमयी घटना सामने आई है । दो सप्ताह से लापता चल रहे 21 वर्षीय घोड़ा चालक मनोज बिष्ट का शव घांघरिया के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला है । पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया , लेकिन पूरे मामले में रहस्य की परतें और गहरी होती जा रही हैं ।कौन था मनोज बिष्ट और कैसे गायब हुआ ?
मनोज बिष्ट , निवासी - बांजबगड़ ( नंदानगर , चमोली ) , हेमकुंड यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ाव घांघरिया में घोड़ा संचालन का काम करता था । वह देवेंद्र सिंह चौहान के अधीन काम कर रहा था और यात्रियों को हेमकुंड साहिब तक पहुंचाने में सक्रिय था । पुलिस के मुताबिक , 29 जून की रात मनोज अपने साथी घोड़ा चालक प्रकाश सिंह रावत के साथ सोया था , लेकिन 30 जून की सुबह साढ़े तीन बजे जब घोड़ा मालिक देवेंद्र चौहान चारा देने पहुंचा , तो मनोज बिस्तर पर नहीं था । सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि मनोज का मोबाइल 5 जुलाई तक ऑन था , लेकिन उसके बाद अचानक बंद हो गया । इसका मतलब है कि लापता होने के कम से कम 5 दिन बाद तक वह जीवित हो सकता है । परिजनों ने 7 जुलाई को गोविंदघाट थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई । इसके बाद पुलिस और SDRF ने तलाश शुरू की ।शव की हालत और स्थान , सिर्फ संयोग नहीं लगते -
14 जुलाई की शाम , घांघरिया के जंगल में एक पेड़ से लटका शव मिला , जिसकी पहचान मनोज के रूप में हुई । शव की अवस्था , कपड़े , मोबाइल बंद होने का समय , सब कुछ इस ओर इशारा कर रहा है कि मामला सिर्फ आत्महत्या नहीं , बल्कि कुछ छिपा हुआ है ।क्या किसी ने सबूत मिटाने की कोशिश की ?
यदि मनोज ने आत्महत्या की , तो उसका मोबाइल 5 जुलाई तक कैसे ऑन रहा ? क्या उसे किसी ने अगवा कर जंगल में मारा और आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की ? क्या घोड़ा मालिक या साथियों से पूरी सच्चाई नहीं मिल रही ? स्थानीय लोगों में चर्चा है कि घोड़ा संचालन के व्यवसाय में अक्सर पैसे और वर्चस्व को लेकर तनाव होता है । मनोज के पिता सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने घटना को लेकर गहरा संदेह जताया है ।अब कौन देगा जवाब ?
गोविंदघाट थाना प्रभारी विनोद रावत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अगली कार्रवाई होगी । लेकिन ग्रामीणों और परिजनों को आशंका है कि मामले को आत्महत्या मानकर जल्दी बंद न कर दिया जाए ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: