दर्दनाक हादसा : जीप के साथ गहरी खाई में समा गई कई जिंदगियां
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
पिथौरागढ़ ( Pithoragarh ) - जिले में मंगलवार की शाम एक दिल दहला देने वाले हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया । ज़िला मुख्यालय से करीब 52 किलोमीटर दूर मुवानी से बोकटा जा रही एक बोलेरो जीप सुनी पुल के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और फिर सीधा नदी में समा गई ।इस हृदयविदारक हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई , जिनमें दो मासूम स्कूली बच्चे भी शामिल हैं ।चीख - पुकार से कांप उठा घाटी का सन्नाटा -
घटना शाम लगभग पांच बजे की है । बोलेरो में कुल 13 लोग सवार थे । जैसे ही वाहन खाई में गिरा , पूरी घाटी चीख-पुकार से गूंज उठी । आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़े , पर नदी की तेज़ धारा और गहराई ने बचाव को बेहद मुश्किल बना दिया । फिर भी ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तीन घायलों को गंभीर अवस्था में बाहर निकाला गया , जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया है । उनकी हालत भी बेहद नाज़ुक बताई जा रही है ।बोकटा गांव में पसरा मातम , हर आंख नम -
इस भीषण हादसे ने बोकटा गांव को शोक की चादर में लपेट दिया है । हर घर से करुण विलाप सुनाई दे रहा है । जिनके अपने इस हादसे में चले गए , उनके लिए शब्द भी कम पड़ते हैं । कोई बेटा खो बैठा , कोई भाई , कोई पिता और किसी माँ ने अपना मासूम बच्चा । यह सिर्फ एक हादसा नहीं , पूरे गांव पर कहर बनकर टूटा मौत का मंजर है ।मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक -
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस भीषण हादसे पर गहरा दुख जताया । उन्होंने अपने संदेश में लिखा , जनपद पिथौरागढ़ के मुवानी क्षेत्र में वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ । ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें । जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं । सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं ।कब सुधरेगा पहाड़ों का सड़क तंत्र ?
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है , क्या पहाड़ों में जीवन इसी तरह हादसों के भरोसे चलता रहेगा ? क्या दुर्गम क्षेत्रों के लोग हमेशा ऐसी त्रासदियों के शिकार बनते रहेंगे ?
यह समाचार मृतकों और पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना के साथ प्रकाशित किया जा रहा है । हम ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं - उत्तराखंड हिंदी समाचार ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: