दुःखद : नियंत्रण रेखा पर गोली लगने से चंपावत के अग्निवीर की मौत
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चम्पावत ( Champawat ) - जम्मू - कश्मीर की पुंछ सीमा पर शनिवार दोपहर अचानक चली गोली की गूंज ने चम्पावत के एक घर को हमेशा के लिए सन्नाटे में बदल दिया । नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय सेना की अग्रिम चौकी पर संदिग्ध परिस्थितियों में फायरिंग हुई और चम्पावत जिले के युवा अग्निवीर दीपक सिंह की मौत हो गई ।अचानक गूंजी गोलियां , चौकी पर मच गया हड़कंप
सूत्रों के अनुसार मेंढर तहसील के पास स्थित अग्रिम पोस्ट पर नियमित पेट्रोलिंग के दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी । कुछ ही क्षणों में पोस्ट पर हड़कंप मच गया । पास ही ड्यूटी पर तैनात अन्य जवान जब मौके पर पहुंचे तो दीपक खून से लथपथ गिरा हुआ मिला । साथी जवानों ने उसे तत्काल सैन्य अस्पताल पहुंचाया , लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।खरहीं गांव में कोहराम , तिरंगे में लौटेगा लाल
दीपक सिंह , पुत्र शिवराज सिंह , मूल रूप से चम्पावत जिले के पाटी विकासखंड अंतर्गत गांव खरहीं के निवासी थे । परिवार का इकलौता सहारा माने जाने वाले दीपक कुछ ही समय पहले अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुए थे । घरवालों ने बेटे को फौजी वर्दी में देश की सेवा के लिए विदा किया था , लेकिन अब वह तिरंगे में लिपटकर घर लौटेगा । घटना की सूचना मिलते ही गांव खरहीं में मातम पसर गया । माता - पिता बेसुध हैं , परिजन रो - रोकर यही सवाल पूछ रहे हैं कि - आखिर नियंत्रण रेखा पर गोलियां कैसे चल गईं ? क्या यह दुश्मन की ओर से हुई फायरिंग थी , कोई एक्सीडेंट या फिर कुछ और ? सेना ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं , वहीं स्थानीय पुलिस भी आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ।हादसा , लापरवाही या साजिश ? कई सवालों के बीच थम गई सांस
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटनावश चली गोली थी या किसी और वजह से चंपावत का यह जांबाज अग्निवीर मारा गया । जांच रिपोर्ट आने तक दीपक की मौत कई सवाल छोड़ गई है - क्या सुरक्षा मानकों में चूक हुई , या फिर नियंत्रण रेखा पर किसी अदृश्य साजिश ने एक और बेटे को देश से छीन लिया ?
चंपावत के इस अग्निवीर की अंतिम यात्रा में पूरा क्षेत्र उमड़ने की तैयारी में है , लेकिन हर आंख में यही टीस है कि सीमा पर आखिर ऐसा क्या हुआ , जिसने सपनों से भरे एक नौजवान को यूं बीच रास्ते में ही रोक दिया....
चंपावत अग्निवीर मौत, नियंत्रण रेखा गोलीकांड, पुंछ फायरिंग घटना, दीपक सिंह अग्निवीर, Uttarakhand army news, Champawat sad news, अग्निवीर शहादत, जम्मू कश्मीर एलओसी हादसा, उत्तराखंड सैन्य जवान मौत, खरहीं गांव पाटी चंपावत न्यूज़
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: