दहशत : छात्राओं पर भालू का हमला , दहशत का माहौल
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चमोली ( Chamoli ) - जिले में भालू का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है । गोपेश्वर में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास स्कूल जा रही छात्राओं पर भालू ने झपट्टा मार दिया । यह घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की है । खास बात यह है कि चमोली में यह लगातार दूसरा दिन है , जब भालू ने स्कूली छात्राओं को निशाना बनाया है ।स्कूल के पास अचानक झपटा भालू , मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार , जैसे ही छात्राएं स्कूल की ओर बढ़ रही थीं , अचानक भालू सामने आ गया । एक छात्रा ने फुर्ती दिखाते हुए मौके से भागकर अपनी जान बचा ली , जबकि दूसरी छात्रा डर के कारण बेहोश हो गई । घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई ।घायल छात्राएं अस्पताल में भर्ती , हालत स्थिर
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत 108 एम्बुलेंस बुलाकर दोनों छात्राओं को जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया । डॉक्टरों के अनुसार , दोनों छात्राओं की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है ।DFO ऑफिस से महज 400 मीटर दूर हुआ हमला
हैरान करने वाली बात यह है कि जहां भालू ने हमला किया , वहां से वन विभाग के डीएफओ कार्यालय की दूरी मात्र 400 मीटर है । इसके बावजूद क्षेत्र में भालू की सक्रियता पर पहले से सख्त निगरानी नहीं की गई ।पहले भी दी गई थी चेतावनी , नहीं बढ़ी गश्त
स्कूल के शिक्षक ललित मोहन बिष्ट ने बताया कि इससे पहले भी स्कूल के आसपास भालू की गतिविधियां देखी गई थीं । इसकी सूचना वन विभाग और शिक्षा विभाग को दी गई थी और गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई थी । लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए , जिसके कारण यह घटना हुई ।वन विभाग ने कहा - बढ़ेगी गश्त
वन विभाग के क्षेत्राधिकारी गोपेश्वर पंकज कुमार गोड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में गश्त की गई । उन्होंने कहा कि आगे क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्त बढ़ाई जाएगी , ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो ।इलाके में डर का माहौल , अभिभावक चिंतित
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है । अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर चिंतित हैं । उन्होंने स्कूल के आसपास पुख्ता सुरक्षा इंतजाम , नियमित गश्त और वन विभाग की सक्रियता बढ़ाने की मांग की है ।
चमोली भालू हमला, गोपेश्वर भालू आतंक, स्कूल छात्राओं पर भालू का हमला, उत्तराखंड भालू खबर, चमोली ताजा समाचार, गोपेश्वर न्यूज, वन विभाग गश्त, भालू से दहशत
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: