सनसनी : कनपटी पर गोली का घाव , लाइसेंसी रिवॉल्वर और दो पन्नों के सुसाइड नोट से खटीमा में हड़कंप
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
उधम सिंह नगर ( Us Nagar ) - जिले के खटीमा नगर से मंगलवार को एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है । यहां , नगर के प्रतिष्ठित वरिष्ठ व्यवसायी और प्रेम हॉस्पिटल के स्वामी जशोधर भट्ट (62) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सुजिया महोलिया क्षेत्र में खेतों के पास सुजिया नाले के किनारे बांस के पेड़ों के बीच फंसा हुआ मिला । शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया , वहीं खटीमा के व्यापारिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई ।बकरी चरा रहे ग्रामीणों ने देखा शव , गांव में मची अफरा-तफरी
मंगलवार को सुजिया महोलिया क्षेत्र में खेतों के पास नाले के किनारे बकरी चरा रहे ग्रामीणों की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी । उन्होंने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान विक्की राणा को दी । सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई ।दोपहर 1:50 बजे पहुंची पुलिस , शव की हुई पहचान
सूचना मिलने पर मंगलवार अपरान्ह करीब 1:50 बजे किशोर पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची । जांच के दौरान शव की पहचान कंजाबाग निवासी वरिष्ठ व्यवसायी जशोधर भट्ट पुत्र स्वर्गीय प्रेम बल्लभ भट्ट के रूप में हुई । मृतक की कनपटी पर गोली का स्पष्ट घाव पाया गया है , जिससे मामला और भी गंभीर हो गया ।घटनास्थल सील , फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम सबूत
पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर दिया । मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मृतक की लाइसेंसी रिवॉल्वर , दो पन्नों का सुसाइड नोट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य कब्जे में लिए । पुलिस के अनुसार, जशोधर भट्ट बाइक से घटनास्थल तक पहुंचे थे , उनकी बाइक भी घटनास्थल के पास से बरामद हुई है ।सुबह 10 बजे घर से निकले थे , बेटे से हुई थी आर्थिक बातचीत
परिजनों ने बताया कि जशोधर भट्ट मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नाश्ता करने के बाद घर से निकले थे । वह किस समय घटनास्थल पर पहुंचे , इसका फिलहाल कोई स्पष्ट समय सामने नहीं आया है । बताया गया कि उसी दिन उनकी अपने बेटे से वित्तीय लेन-देन को लेकर बातचीत हुई थी , जिसे उस वक्त सामान्य बताया गया ।सुसाइड नोट में कर्ज का जिक्र , दबाव में उठाया कदम
पुलिस के मुताबिक , बरामद दो पन्नों के सुसाइड नोट में व्यवसायी ने खुद पर भारी कर्ज होने और उसी मानसिक दबाव में आत्महत्या करने की बात लिखी है ।प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला : एसएसपी
एसएसपी ऊधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है । उन्होंने कहा , मौके से लाइसेंसी असलहा और सुसाइड नोट का मिलना इसी ओर संकेत करता है । मामले की गहन जांच की जा रही है ।परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जशोधर भट्ट अपने पीछे पत्नी हेमा देवी भट्ट , बेटा गौरव और बेटी बबीता भट्ट को छोड़ गए हैं । घटना के बाद से परिवार का रो - रोकर बुरा हाल है । यह दुखद घटना न सिर्फ एक परिवार , बल्कि पूरे खटीमा के व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए गहरा झटका मानी जा रही है ।
उधम सिंह नगर खबर, खटीमा बड़ी खबर, जशोधर भट्ट मौत, खटीमा व्यवसायी आत्महत्या, प्रेम हॉस्पिटल खटीमा, सुजिया महोलिया घटना, खटीमा हड़कंप, लाइसेंसी रिवॉल्वर, सुसाइड नोट बरामद, उत्तराखंड क्राइम न्यूज़
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: