होली से पहले एक्शन मोड में प्रशासन ! बागेश्वर और चम्पावत में खाद्य प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापे
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
उत्तराखंड - होली का रंग चढ़ने से पहले ही प्रशासन ने मिलावटखोरों का रंग उतारना शुरू कर दिया है । त्योहार के मद्देनज़र बागेश्वर और चम्पावत जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन निरीक्षण अभियान चलाकर बाजार में हड़कंप मचा दिया। प्रशासन का साफ संदेश है - मिलावटखोरी बर्दाश्त नहीं होगी ।बागेश्वर में डिस्ट्रीब्यूटर - सप्लायर रडार पर
खाद्य आयुक्त , उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों पर नगर क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों में ताबड़तोड़ जांच की गई । खास तौर पर उन डिस्ट्रीब्यूटर और सप्लायरों को निशाने पर लिया गया , जो बाहरी जिलों से खाद्य सामग्री मंगाकर स्थानीय दुकानों तक पहुंचाते हैं । खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कारोबारियों को सख्त हिदायत दी - खाद्य सामग्री केवल पक्के बिल और परिवहन प्रपत्र के साथ ही मंगाई जाए , एक्सपायर्ड या वापसी योग्य सामग्री का अलग रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से रखा जाए । निरीक्षण के दौरान पनीर , एनालॉग क्रीम , फैट स्प्रेड और मिठाई मिक्स के कुल 4 नमूने संदेह के आधार पर लिए गए । सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य एवं औषधि विश्लेषक प्रयोगशाला , रुद्रपुर भेजा गया है । रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है । निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे ।चम्पावत के लोहाघाट बाजार में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप
उधर लोहाघाट बाजार में भी प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी दिखाई । आयुक्त , खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून और जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक छापेमारी की । वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी की अगुवाई में टीम ने मिठाई की दुकानों और किराना स्टोरों की गहन जांच की । 5 नमूने जांच के लिए भेजे गए । जिसमें - खोये से बनी मिठाइयां , नमकीन , सरसों का तेल (मस्टर्ड ऑयल) सहित कुल 5 नमूने संग्रहित कर राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए ।दुकानदारों को सख्त चेतावनी
निरीक्षण में अधिकांश दुकानों की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई , लेकिन विभाग ने साफ निर्देश दिए - मिठाइयों में कृत्रिम रंगों का प्रयोग न्यूनतम रखें , सभी खाद्य पदार्थ ढककर रखें , खोया केवल अधिकृत व लाइसेंसी विक्रेताओं से ही खरीदें , एक्सपायरी सामग्री के लिए अलग बॉक्स अनिवार्य रखें । विभाग ने चेताया है कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और मिलावट पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी । त्योहार के सीजन में जहां मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है , वहीं मिलावट का खतरा भी बढ़ता है । ऐसे में प्रशासन का यह सख्त रुख आम जनता के लिए राहत भरी खबर है । अब देखना होगा कि लैब रिपोर्ट में क्या खुलासा होता है और किन कारोबारियों पर गिरेगी कार्रवाई की गाज ।
बागेश्वर होली चेकिंग अभियान, चम्पावत खाद्य सुरक्षा निरीक्षण, लोहाघाट बाजार छापेमारी, मिलावटी मिठाई जांच, उत्तराखंड खाद्य सुरक्षा विभाग, होली 2026 खाद्य जांच, मिठाई सैंपलिंग अभियान, फूड सेफ्टी रेड उत्तराखंड
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: