नजीर : नदी में कूदी महिला को युवकों ने बचाया , एसपी ने किया सम्मानित
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
उत्तरकाशी ( Uttarkashi ) - जिले में तिलोथ पुल के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला ने आत्महत्या के इरादे से नदी में छलांग लगा दी । तेज बहाव के बीच महिला पत्थरों में फंस गई और दोबारा गहरे पानी में कूदने की कोशिश करने लगी । लेकिन समय रहते पुलिस और स्थानीय युवकों की सतर्कता से उसकी जान बचा ली गई ।सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची । नदी का बहाव तेज था और स्थिति बेहद जोखिम भरी । ऐसे में पुलिस ने स्थानीय युवकों की मदद से साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया । महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक देखभाल दी गई और बाद में सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया ।बाल्मीकि बस्ती के दो युवकों ने दिखाई बहादुरी
रेस्क्यू अभियान में बाल्मीकि बस्ती के दो स्थानीय युवक देवराज और प्रभात सहदेव की भूमिका बेहद अहम रही । अपनी जान की परवाह किए बिना दोनों युवकों ने पुलिस के साथ मिलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण योगदान दिया । स्थानीय लोगों ने भी दोनों युवकों की बहादुरी की जमकर सराहना की ।एसपी कमलेश उपाध्याय ने किया सम्मानित
जनपद के पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने दोनों युवकों को पुलिस कार्यालय बुलाकर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया । एसपी ने कहा - मानवता से बढ़कर कोई धर्म नहीं है । जरूरतमंद की मदद के लिए हमेशा आगे आना चाहिए । उन्होंने आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला की काउंसलिंग कराने के निर्देश भी दिए , ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो ।गोल्डन ऑवर में मदद बन सकती है जीवनदायिनी
एसपी ने आमजन से अपील की कि हादसों या सड़क दुर्घटनाओं के समय गुड सेमेरिटन (नेक इंसान) बनकर आगे आएं । गोल्डन ऑवर यानी पहले एक घंटे में अस्पताल पहुंचाने से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है । सरकार द्वारा ऐसे नेक कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया जाता है ।मानवता की जीत , जीवन की नई शुरुआत
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर उठाया गया साहसिक कदम किसी की जिंदगी बचा सकता है । पुलिस और स्थानीय युवकों की तत्परता ने एक परिवार को उजड़ने से बचा लिया । उत्तरकाशी में दिखाई गई यह मानवता पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है ।
उत्तरकाशी समाचार, तिलोथ पुल घटना, महिला नदी में कूदी, उत्तरकाशी पुलिस रेस्क्यू, कमलेश उपाध्याय एसपी, बाल्मीकि बस्ती युवक, देवराज प्रभात सहदेव, उत्तराखंड हिंदी न्यूज, गुड सेमेरिटन, गोल्डन ऑवर, उत्तराखंड ताजा खबर
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: