109 दिनों तक गूंजेगा मां का जयकारा ! माँ पूर्णागिरि मेला - 2026 का भव्य आगाज़ , CM धामी ने किया शुभारंभ
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
रिपोर्ट - सूरज लडवाल
चम्पावत ( Champawat ) - उत्तर भारत के प्रसिद्ध आस्था पर्व माँ पूर्णागिरि धाम में लगने वाले ऐतिहासिक माँ पूर्णागिरि मेला - 2026 का विधिवत शुभारंभ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया । 27 फरवरी से 15 जून 2026 तक चलने वाला यह विशाल मेला इस बार पूरे 109 दिनों तक श्रद्धालुओं की आस्था , भक्ति और उत्साह का केंद्र बनेगा । मुख्यमंत्री ने माँ के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की । उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पावन भूमि देवभूमि है और यहाँ का कण-कण दिव्यता से ओतप्रोत है ।मेले को सालभर चलाने की तैयारी कर रही है सरकार - मुख्यमंत्री
CM धामी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य माँ पूर्णागिरि मेले को भविष्य में सालभर संचालित करने का है । इसके लिए स्थायी संरचनाओं , बेहतर सड़क , रोपवे , मल्टी लेवल पार्किंग और आधुनिक सुविधाओं का खाका तैयार किया गया है । उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता हो - चाहे आवागमन हो , स्वच्छता हो या पेयजल की उपलब्धता ।240 करोड़ का ISBT , रोपवे और पर्यटन सर्किट
टनकपुर बस स्टेशन को 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के रूप में विकसित किया जाएगा । इससे कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलेगा । पूर्णागिरि धाम में रोपवे निर्माण कार्य प्रगति पर है , जिससे कठिन चढ़ाई अब आसान सफर में बदलेगी । सरकार पूर्णागिरि धाम के साथ चंपावत जिले के अन्य धार्मिक , ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों को जोड़कर एक विशेष टूरिज्म सर्किट विकसित करेगी । इससे सालभर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी ।मानसखंड मंदिर माला मिशन से बदलेगा कुमाऊँ
मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत कुमाऊँ क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों का सौंदर्यीकरण और मार्ग चौड़ीकरण किया जाएगा । श्रद्धालुओं को अब अधिक सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा ।शिक्षा , खेल और स्वास्थ्य में भी बड़ा निवेश
चंपावत में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का कैंपस , आईटी लैब और महिला छात्रावास तैयार । 55 करोड़ से साइंस सेंटर निर्माणाधीन । लोहाघाट में 237 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रगति पर । 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक जिला अस्पताल में तैयार । 28 करोड़ से इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान भवन पूर्ण । टनकपुर में आयोजित राष्ट्रीय खेल के बाद राफ्टिंग गतिविधियों को भी नया आयाम मिला है ।श्यामलाताल झील बनेगी वेडिंग डेस्टिनेशन
श्यामलाताल झील के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं । इसे वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम शुरू हो चुका है । सांसद अजय टम्टा ने कहा - केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है ।मुख्यमंत्री की 6 बड़ी घोषणाएं
सेलागाड़ से कोटकेंद्री तक संपर्क मार्ग निर्माण , कालीगूठ-पूर्णागिरि मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण , तामली - रूपालीगढ़ - सीम तक मोटर मार्ग , पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में भव्य प्रवेश द्वार , मंच-लेठी-वमनगांव-तरकुली-आवड़ा-सेम-चूका मोटर रोड सुधार , आंतरिक क्षेत्र में विश्राम स्थल , पुलिया और पथ निर्माण । मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी घोषणाओं पर त्वरित अमल हो और मेला क्षेत्र स्वच्छ , व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाया जाए ।आस्था , पर्यटन और विकास का संगम
माँ पूर्णागिरि मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि चंपावत की संस्कृति , आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का जीवंत संगम है । सरकार का लक्ष्य इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आध्यात्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करना है । आने वाले वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ने की संभावना को देखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है ।शुभारंभ के दौरान ये लोग रहे मौजूद
शुभारंभ के अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत चम्पावत आनंद सिंह अधिकारी , उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार , विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी , भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत , पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी , उपाध्यक्ष भुवन पांडे , जिला पंचायत सदस्य सरस्वती चंद , नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार , जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार , पुलिस अधीक्षक रेखा यादव , मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान , एएमए जिला पंचायत कमलेश सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी , जनप्रतिनिधि , श्रद्धालु एवं अन्य लोग मौजूद रहे ।
मां पूर्णागिरि मेला 2026, पूर्णागिरि मेला शुभारंभ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, चंपावत समाचार, टनकपुर ISBT, उत्तराखंड धार्मिक मेला, पूर्णागिरि रोपवे, मानसखंड मंदिर माला मिशन, श्यामलाताल झील विकास, उत्तराखंड हिंदी समाचार
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: