बुलडोज़र की गरज : हल्द्वानी में दो बड़े मकान ढहे , लेकिन पाटी में 26 अतिक्रमण पर क्यों खामोश है प्रशासन ?
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
नैनीताल/चम्पावत - उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन एक बार फिर एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है । शुक्रवार को प्रशासन और नगर निगम की टीम ने ऊंचापुल चौराहे के पास सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे दो बड़े मकानों पर बुलडोज़र चलाया । कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में की गई। इस दौरान लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही । बताया जा रहा है कि ये दोनों मकान सरकारी जमीन पर बनाए गए थे और लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण में बाधा बने हुए थे । प्रशासन के अनुसार दोनों मकान काफी बड़े हैं , इसलिए इन्हें पूरी तरह ध्वस्त करने की कार्रवाई में समय लग सकता है । मकानों के हटते ही ऊंचापुल चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से शुरू किया जाएगा , जिससे शहर के इस व्यस्त इलाके में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है । सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि शहर के कई हिस्सों में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है । उन्होंने लोगों से अपील की है कि जो भी लोग सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किए हुए हैं , वे स्वयं ही उसे हटा लें , अन्यथा प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा । जरूरत पड़ी तो बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी ।हल्द्वानी में सख्ती , लेकिन पाटी में क्यों ढीला पड़ा प्रशासन ?
एक ओर जहां हल्द्वानी में अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोज़र गरज रहा है, वहीं चम्पावत जिले की पाटी तहसील में प्रशासन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है । यहां वन पंचायत की भूमि पर करीब 26 अवैध अतिक्रमण लंबे समय से बने हुए हैं , लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है । कुछ समय पहले तहसीलदार पाटी ने एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने की बात कही थी, लेकिन कई सप्ताह बीत जाने के बाद भी जमीन पर कार्रवाई नजर नहीं आ रही है ।एक पर कार्रवाई , बाकी पर मेहरबानी क्यों ?
चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले प्रशासन ने यहां सिर्फ एक कच्चे अतिक्रमण को तोड़ने की कार्रवाई की थी , जबकि उसी क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक कच्चे और पक्के अतिक्रमण खुलेआम बने हुए हैं । अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि - क्या प्रशासन चुनिंदा कार्रवाई कर रहा है ? एक अतिक्रमण हटाया गया , बाकी को संरक्षण क्यों ? किसकी शह पर यह खेल चल रहा है ? लंबे समय से जारी इस अतिक्रमण के खेल पर प्रशासन की चुप्पी अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है । अगर प्रशासन निष्पक्ष है तो फिर वन पंचायत की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने में देरी क्यों ?अब नजर प्रशासन पर
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर हल्द्वानी में अवैध निर्माण पर बुलडोज़र चल सकता है तो पाटी में भी वन पंचायत की जमीन को कब्जों से मुक्त कराया जाना चाहिए । अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन सवालों का जवाब कार्रवाई से देता है या फिर पाटी में अतिक्रमण का यह खेल यूं ही चलता रहेगा ।जानिए , क्या कहते हैं तहसीलदार
इस मामले में तहसीलदार पाटी का कहना है - अभी होली पर्व की छुट्टियों और किसानों की फार्मर रजिस्ट्री में पटवारियों की व्यस्तता को देखते हुए थोड़ा विलंब हो रहा है । इस मामले में शीघ्र कार्रवाई होगी ।
हल्द्वानी सड़क चौड़ीकरण, ऊंचापुल चौराहा अतिक्रमण, हल्द्वानी बुलडोज़र कार्रवाई, पाटी तहसील अतिक्रमण, चम्पावत वन पंचायत भूमि कब्जा, उत्तराखंड अतिक्रमण खबर, Haldwani road widening news, Champawat Pati encroachment news, Uttarakhand Hindi Samachar.
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: