दर्दनाक सड़क हादसा : तेज रफ्तार वाहन ने ली दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की जान , एक गंभीर
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
उधम सिंह नगर ( Us Nagar ) - जिले के सितारगंज में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है । गुरुवार रात करीब 08:30 बजे अमरिया रोड स्थित मलपुरी के पास हुए इस हृदयविदारक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई , जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया । प्राप्त जानकारी के अनुसार , सड़क किनारे जा रही एक रेडी को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी । टक्कर इतनी भीषण थी कि गौरीखेड़ा निवासी तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया । मृतकों की पहचान शादाब , नाजिम और सुल्तान के रूप में हुई है । बताया जा रहा है कि मृतकों में से दो युवक सगे भाई थे , जिससे परिवार में मातम और गहरा गया है । इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है । हादसे में घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया , जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है । घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला । पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है । हादसे के बाद सितारगंज उपजिला चिकित्सालय में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई । पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया । यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है ।
उधम सिंह नगर सड़क हादसा, सितारगंज एक्सीडेंट, तेज रफ्तार वाहन हादसा, उत्तराखंड सड़क दुर्घटना, सितारगंज न्यूज, उधम सिंह नगर ब्रेकिंग न्यूज, रोड एक्सीडेंट उत्तराखंड, हिंदी समाचार उत्तराखंड
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: