सीमा पर बढ़ी हलचल : जानिए , नेपाल ने क्यों तैनात किए हर चौकी पर 60 जवान
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
पिथौरागढ़ ( Pithoragarh ) - नेपाल में नई सरकार के गठन के बाद लगातार हर क्षेत्र में बदलाव दिखाई दे रहे हैं । भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा को लेकर नेपाल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है । भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में अचानक बढ़ी हलचल ने सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक सबका ध्यान खींच लिया है । नेपाल की ओर से सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है , जिसके बाद कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं ।हर चौकी पर 30 जवान तैनात और , 30 रिजर्व
नेपाल सेना ने कंचनपुर , बैतड़ी और कैलाली जिलों में भारत सीमा से लगे हर सुरक्षा चौकी पर 30 जवानों की तैनाती कर दी है , जबकि 30 जवानों को रिजर्व में रखा गया है । मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंचनपुर और कैलाली में 90 - 90 और बैतड़ी में 60 जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई है । इस अचानक बढ़ी सैन्य मौजूदगी ने पूरे सीमावर्ती इलाके में हलचल तेज कर दी है ।तस्करी पर लगाम या बड़ा संकेत ?
जानकारों की मानें तो यह कदम मुख्य रूप से सीमा पर बढ़ती तस्करी , अवैध घुसपैठ और मानव तस्करी को रोकने के लिए उठाया गया है । हाल ही में झूलाघाट क्षेत्र में नेपाल पुलिस ने करीब 21 लाख नेपाली रुपये का सामान जब्त किया , जिसमें चीनी , मिश्री और अन्य परचून का सामान शामिल था । इस कार्रवाई के बाद यह साफ संकेत है कि नेपाल प्रशासन अब सीमा पर किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है ।खुली सीमा बनी चुनौती
भारत और नेपाल के बीच की सीमा कई जगहों पर खुली है , जहां आम नागरिकों की आवाजाही बिना वीजा-पासपोर्ट के होती है । यही खुलापन तस्करों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के लिए आसान रास्ता बन जाता है । सीमा पर बढ़ी सख्ती के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं । कुछ इसे सिर्फ तस्करी रोकने की कार्रवाई मान रहे हैं , तो कुछ लोग इसे भविष्य में बड़े बदलाव की आहट भी बता रहे हैं ।क्या हैं इसके बड़े मायने ?
विशेषज्ञ मानते हैं कि - यह कदम पूरी तरह से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हो सकता है । विशेषज्ञ मानते हैं - सीमा पर अवैध गतिविधियों के बढ़ते मामलों ने नेपाल को सख्ती के लिए मजबूर किया है , या फिर यह क्षेत्रीय सुरक्षा रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है । फिलहाल इसे सीमा सुरक्षा को मजबूत करने और तस्करी पर नकेल कसने की कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है । लेकिन जिस स्तर पर तैनाती बढ़ाई गई है , उसने यह जरूर संकेत दे दिया है कि आने वाले समय में सीमा पर निगरानी और कड़ी हो सकती है ।
नेपाल सेना तैनाती, भारत नेपाल सीमा खबर, कंचनपुर बैतड़ी कैलाली न्यूज, झूलाघाट तस्करी मामला, नेपाल पुलिस कार्रवाई, भारत नेपाल ओपन बॉर्डर, सीमा सुरक्षा अपडेट, उत्तराखंड सीमा समाचार, नेपाल आर्मी डिप्लॉयमेंट, स्मगलिंग न्यूज इंडिया नेपाल