दुःखद : आग बुझाने की कोशिश पड़ी भारी , किसान की मौत से गांव में मातम
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
उधम सिंह नगर ( Us Nagar ) - जिले से बेहद मार्मिक खबर सामने आई है । खेत में लगी आग बुझाने पहुंचे एक मेहनतकश किसान की जलकर मौत हो गई । इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है । किसान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है , वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है ।गेहूं के खेत में अचानक भड़की आग
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे सितारगंज क्षेत्र के सैजनी गांव में गेहूं के खेत में भूसे और नरई में अचानक आग लग गई । आग तेजी से फैलने लगी , जिससे खेत मालिकों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई ।आग बुझाने दौड़े किसान , खुद ही चपेट में आ गए
आग पर काबू पाने के लिए 45 वर्षीय किसान गुरबाज सिंह पुत्र जीत सिंह मौके पर पहुंचे । ग्रामीणों के साथ आग बुझाने की कोशिश के दौरान अचानक तेज लपटों ने उन्हें घेर लिया । देखते ही देखते किसान गंभीर रूप से झुलस गए । ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से उन्हें उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया , लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया ।छोटे किसान थे गुरबाज सिंह , खेती से चलता था घर
बताया जा रहा है कि गुरबाज सिंह छोटे काश्तकार किसान थे । अपनी खेती से परिवार का भरण-पोषण मुश्किल होने पर वे दूसरे किसानों की जमीन ठेके पर लेकर खेती करते थे । खेती ही उनके परिवार की मुख्य आजीविका थी ।बेटों को रोजगार के लिए विदेश भेजा , अब घर में मातम
परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए गुरबाज सिंह ने जमीन बेचकर अपने दोनों बेटों को रोजगार के लिए विदेश भेजा था । बड़ा बेटा मलेशिया में कार्यरत है और छोटा बेटा दुबई में नौकरी करता है । अब पिता की मौत की खबर से परिवार पर गहरा सदमा है । गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं ।पूर्व विधायक ने की मदद की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी । उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है ।किसानों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर किसानों की सुरक्षा व्यवस्था और खेतों में आग लगने की घटनाओं पर सवाल खड़े करता है । हर साल खेतों में नरई, भूसा और सूखी फसल में आग लगने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है । कई बार जान भी चली जाती है ।गांव में शोक , किसानों में आक्रोश
गुरबाज सिंह की मौत के बाद पूरे सैजनी गांव में शोक का माहौल है । ग्रामीणों का कहना है कि सरकार को किसानों के लिए फसल सुरक्षा , आग नियंत्रण और आपदा राहत की मजबूत व्यवस्था करनी चाहिए ।
सितारगंज किसान मौत, खेत में आग से किसान की मौत, उत्तराखंड किसान हादसा, उधमसिंह नगर समाचार, सैजनी गांव खबर, किसान दर्दनाक मौत, खेत में आग न्यूज, Uttarakhand Hindi Samachar, किसान पीड़ा खबर, खेती किसानी समाचार