तस्करी : पुलिस ने बस स्टॉप पर चेकिंग के दौरान तस्कर दबोचा
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
उत्तरकाशी ( Uttarkashi ) - जिले में चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है । बड़कोट पुलिस ने 7 मई की शाम नगाण गांव बस स्टॉप के पास सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को भारी मात्रा में अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया । पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक की पहचान सूरजमणी (25 वर्ष) पुत्र दलपित निवासी कुठार रानाचट्टी , कोतवाली बड़कोट के रूप में हुई है । आरोपी के कब्जे से 678 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई ।NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज , अब तस्कर जेल की हवा खाएगा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बड़कोट में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है । न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है । साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच शुरू कर दी गई है ।चारधाम यात्रा में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा
जनपद उत्तरकाशी में चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है । पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है ।2026 में उत्तरकाशी पुलिस की बड़ी कार्रवाई , आंकड़े चौंकाने वाले
उत्तरकाशी पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में कई बड़े खुलासे हुए हैं - NDPS एक्ट के 15 मामलों में 17 तस्कर गिरफ्तार किए जा चुके हैं , 8 किलो से अधिक चरस बरामद की जा चुकी है , जिसकी कीमत लगभग ₹16.5 लाख आंकी जा रही है । करीब 18 ग्राम स्मैक बरामद की जा चुकी है , जिसकी कीमत लगभग ₹5.4 लाख आंकी जा रही है । 4 तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई और अवैध अफीम खेती के मामले में 31 भू-स्वामियों पर मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं ।पहाड़ में बढ़ता नशे का जाल , पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
चारधाम यात्रा के दौरान उत्तरकाशी पुलिस की लगातार कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है । पुलिस साफ संकेत दे चुकी है कि देवभूमि में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ।
उत्तरकाशी चरस बरामद, बड़कोट पुलिस कार्रवाई, NDPS एक्ट उत्तराखंड, उत्तरकाशी नशा तस्कर गिरफ्तार, चारधाम यात्रा सुरक्षा, Uttarkashi Police News, Uttarakhand Hindi Samachar, उत्तरकाशी क्राइम न्यूज, चरस तस्करी उत्तराखंड, कमलेश उपाध्याय, बड़कोट न्यूज, Uttarkashi Drug Smuggling News