ब्रेकिंग : चम्पावत में गर्मी के साथ चढ़ा सियासी पारा , भंडारबोरा सीट की बाजी अब हाईकोर्ट के हाथ
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
विशेष रिपोर्ट - सूरज लडवाल
दो-दो मतगणना रिपोर्ट में शैलेश जोशी विजेता , फिर भी चुनाव निरस्त... अब हाईकोर्ट में होगी आर-पार की लड़ाई ।
चम्पावत ( Champawat ) - जिले में मौसम का तापमान लगातार बढ़ रहा है , लेकिन उससे कहीं ज्यादा गर्म हो चुका है भंडारबोरा जिला पंचायत सीट का सियासी माहौल । पंचायत चुनाव की यह हाईप्रोफाइल बाजी अब जिला अदालत से निकलकर सीधे हाईकोर्ट की चौखट तक पहुंचने जा रही है । भाजपा समर्थित प्रत्याशी शैलेश जोशी ने जिला सत्र न्यायालय के फैसले को चुनौती देने का मन बना लिया है । खास बात यह है कि अदालत में पेश दोनों आधिकारिक मतगणना रिपोर्टों में जीत की बाजी शैलेश जोशी के नाम ही दर्ज है , लेकिन इसके बावजूद निर्वाचन निरस्त होने से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है ।दो रिपोर्ट , दो आंकड़े लेकिन बाजीगर एक ही
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 में भंडारबोरा सीट पर शैलेश जोशी और कमल सिंह रावत के बीच कांटे की टक्कर हुई थी । अदालत में पेश परिशिष्ट-7 में कमल सिंह रावत को 3111 वोट और शैलेश जोशी को 3282 वोट मिले । यानी शैलेश ने 171 मतों से बाजी मार ली । इसके बाद सामने आए परिशिष्ट-8 में भी तस्वीर नहीं बदली । यहां कमल सिंह रावत को 3257 वोट और शैलेश जोशी को 3282 वोट मिले । इस बार भी शैलेश 25 वोटों की बढ़त के साथ जीत की बाजी अपने नाम करते दिखे ।लिपिकीय गलती ने पलट दिया पूरा खेल
मामले में ट्विस्ट तब आया जब न्यायालय ने मतगणना प्रक्रिया में पाई गई लिपिकीय त्रुटियों और दस्तावेजी विसंगतियों को गंभीर मानते हुए निर्वाचन को निरस्त कर दिया । हालांकि अदालत ने किसी अन्य प्रत्याशी को विजेता घोषित नहीं किया । यही वजह है कि अब यह सियासी मुकाबला और ज्यादा दिलचस्प हो गया है । शैलेश जोशी पक्ष का कहना है कि जब दोनों आधिकारिक अभिलेखों में जनता का जनादेश उनके पक्ष में है , तो सिर्फ तकनीकी त्रुटि के आधार पर चुनाव रद्द करना उचित नहीं ।अब हाईकोर्ट में सजेगी सबसे बड़ी सियासी बाजी
भंडारबोरा सीट की असली जंग अब हाईकोर्ट में लड़ी जाएगी । राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मामला सिर्फ एक सीट का नहीं , बल्कि पंचायत चुनावों की पारदर्शिता और मतगणना प्रक्रिया की विश्वसनीयता की भी परीक्षा बन चुका है । जिला पंचायत की शक्तिपुरबुगा सीट पर चुनाव रद्द होने के 20 दिन के भीतर भंडारबोरा सीट पर भी चुनाव रद्द कर दिए गए हैं , जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के चुनाव में अन्य जिला पंचायत , ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सीटों में प्रत्याशी अदालत का रुख कर सकते हैं । अब सवाल यही है - क्या हाईकोर्ट जिला अदालत के फैसले को पलटेगा ? या फिर सीट छोड़नी पड़ सकती है ? या फिर क्या शैलेश जोशी फिर जीत की बाजी अपने नाम करेंगे ? या फिर भंडारबोरा सीट पर सियासी खेल नया मोड़ लेगा ? फिलहाल चम्पावत में गर्मी के साथ-साथ सियासत का पारा भी चरम पर पहुंच चुका है ।
भंडारबोरा सीट हाईकोर्ट मामला, शैलेश जोशी, कमल सिंह रावत, चम्पावत पंचायत चुनाव विवाद, पंचायत चुनाव की बाजी, हाईकोर्ट में पंचायत चुनाव, भंडारबोरा सीट विवाद, Uttarakhand Panchayat Election News, Champawat Political News, पंचायत चुनाव मतगणना विवाद, Uttarakhand Hindi Samachar
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: