खटीमा में पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप , युवक की मौत के बाद बवाल
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
उधम सिंह नगर ( US Nagar ) - जिले के खटीमा के पंजाबी कॉलोनी क्षेत्र में रास्ते के अतिक्रमण और बिजली मीटर लगाए जाने को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया । बीते दिनों हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवक विवेक कुमार की बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई । युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है ।परिजनों और स्थानीय लोगों ने कोतवाली में किया प्रदर्शन
विवेक कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया । बड़ी संख्या में लोग खटीमा कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया । स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया ।लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप
मृतक के परिवार की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि वार्ड नंबर 14 पंजाबी कॉलोनी निवासी सचिन रघुवंशी और संदीप रघुवंशी ने मिलकर विवेक कुमार , उनकी मां ललिता देवी और बेटी दीपिका पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था । हमले में विवेक कुमार और ललिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए थे , जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया था ।पुलिस ने पहले ही आरोपियों को भेजा था जेल
पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था । अब विवेक कुमार की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा बढ़ाए जाने की तैयारी की जा रही है ।अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों परिवारों के बीच रास्ते और अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था । घटना के बाद प्रशासन की मौजूदगी में आरोपी परिवार के घर के सामने किए गए अतिक्रमण को भी ध्वस्त कर दिया गया ।मृतक था स्टांप वेंडर एसोसिएशन का कोषाध्यक्ष
मृतक विवेक कुमार खटीमा स्टांप वेंडर एवं अरायजनवीस एसोसिएशन का कोषाध्यक्ष भी था । उसकी मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है ।पत्नी ने प्रशासन से मांगी मदद
मृतक की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है । साथ ही प्रशासन से अपने दो छोटे बच्चों के पालन-पोषण के लिए आर्थिक सहायता देने की अपील भी की है ।विधायक भुवन चंद्र कापड़ी पहुंचे कोतवाली
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक भुवन चंद्र कापड़ी भी खटीमा कोतवाली पहुंचे । उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की ।क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली और घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है , ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे । पुलिस प्रशासन ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है ।
खटीमा युवक मौत मामला, पंजाबी कॉलोनी विवाद, खटीमा हत्या मामला, उधम सिंह नगर समाचार, उत्तराखंड हिंदी न्यूज, अतिक्रमण विवाद खटीमा, विवेक कुमार मौत, खटीमा पुलिस कार्रवाई, भुवन चंद्र कापड़ी, उत्तराखंड क्राइम न्यूज, खटीमा ताजा खबर, Udham Singh Nagar News Hindi