कुमाऊं : बिना दस्तावेज जंगलों में घूम रहा था यूक्रेनी नागरिक
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
बागेश्वर ( Bageshwar ) - जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है । कपकोट पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों , वीजा और पासपोर्ट के क्षेत्र में घूम रहे एक यूक्रेनी नागरिक को गिरफ्तार किया है । विदेशी नागरिक पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग पर आया था , लेकिन जंगल में रास्ता भटकने के बाद कई दिनों तक इधर-उधर भटकता रहा । पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान 36 वर्षीय मक्सिम स्टार चिंको निवासी खार्किव , यूक्रेन के रूप में हुई है । बताया जा रहा है कि वह डौला गांव से पैदल ऋषिकेश की ओर जाने का प्रयास कर रहा था । इसी दौरान पहाड़ी रास्तों में गिरकर घायल हो गया , जिससे उसके हाथ-पैर और शरीर में गंभीर चोटें आईं ।ग्रामीणों ने दिखाई इंसानियत , पुलिस को दी सूचना
24 मई को ग्रामीणों ने विदेशी नागरिक को घायल अवस्था में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी । कपकोट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया ।जांच में खुला बड़ा राज , नहीं मिले कोई दस्तावेज
थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि जांच के दौरान विदेशी नागरिक के पास कोई वैध दस्तावेज , वीजा या पासपोर्ट नहीं मिला । इसके बाद मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अप्रवास तथा विदेशियों विषयक विधेयक 2025 की धारा 3/23 के तहत मुकदमा दर्ज किया है । अब उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा ।घटना के बाद पहाड़ों में सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद सीमांत और ट्रैकिंग क्षेत्रों में विदेशी नागरिकों की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं । बिना दस्तावेज विदेशी नागरिक का दुर्गम क्षेत्र तक पहुंचना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है ।
Bageshwar News, Kapkot Police, Ukrainian Citizen Arrested, Pindari Glacier Trek, Foreign National Arrested Uttarakhand, Bageshwar Hindi News, Uttarakhand Crime News, Kapkot Latest News, Visa Passport Case, Uttarakhand Hindi Samachar
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: