उत्तराखंड के इस गांव की बदहाल तस्वीर ने फिर खोली सिस्टम की पोल
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
उत्तरकाशी ( Uttarkashi ) - जिले के मोरी विकासखंड के दूरस्थ सेवा गांव में सड़क सुविधा का अभाव ग्रामीणों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है । मंगलवार को गांव की 56 वर्षीय खंतरा देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई । तेज बुखार , उल्टी-दस्त और पैरों ने जवाब देने के बाद हालात इतने गंभीर हो गए कि ग्रामीणों को उन्हें डंडी-कंडी के सहारे 11 किलोमीटर पैदल ढोकर सड़क तक पहुंचाना पड़ा ।खड़ी चढ़ाई , संकरी पगडंडी और जिंदगी की जंग
ग्रामीणों ने बताया कि सेवा गांव से धौला तक का रास्ता बेहद खतरनाक और दुर्गम है । सड़क न होने के कारण बीमारों को कंधों पर ढोना मजबूरी बन चुका है । ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर महिला को धौला तक पहुंचाया , जहां से वाहन के जरिए मोरी अस्पताल लाया गया । प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया ।हर बार ऐसे ही बचानी पड़ती है जान
गांव निवासी जगदीप का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है । गांव में सड़क न होने से गर्भवती महिलाओं , बुजुर्गों और बीमारों को डंडी-कंडी के सहारे ही अस्पताल पहुंचाना पड़ता है । कई मरीज तो रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं । बरसात में हालात और भयावह हो जाते हैं , जब गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता है ।10 साल से अधूरी सड़क , ग्रामीणों में भारी नाराजगी
ग्रामीणों का आरोप है कि धौला से सेवा गांव तक सड़क निर्माण कार्य करीब दस साल पहले शुरू हुआ था , लेकिन आज तक पूरा नहीं हो पाया । अधूरी सड़क ने गांववासियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित कर दिया है । ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से सड़क निर्माण जल्द पूरा करने की मांग उठाई है ।विभाग का दावा , काम जारी है
पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता सुभाष दौरियाल ने बताया कि सेवा गांव सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है और विभाग इसे जल्द पूरा करने का प्रयास कर रहा है । लेकिन ग्रामीण विभाग की इस बात पर विश्वास नहीं कर रहे हैं ।
उत्तरकाशी सड़क समस्या, सेवा गांव सड़क निर्माण, मोरी ब्लॉक खबर, डंडी कंडी से अस्पताल, उत्तराखंड ग्रामीण समस्या, PMGSY उत्तरकाशी, उत्तरकाशी ताजा खबर, उत्तराखंड हिंदी समाचार, पहाड़ में स्वास्थ्य संकट, Uttarkashi News Hindi
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: