राजनीति : पाटी नगर पंचायत चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच पूरी , जानिए कितने नामांकन सही पाए गए
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चम्पावत से सूरज लडवाल की रिपोर्ट
अध्यक्ष पद के लिए 4 और वार्डों में हुए थे 16 नामांकन ।
चम्पावत ( Champawat ) - जिले की नवगठित नगर पंचायत पाटी में सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर अब राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा चुका है । संभावित प्रत्याशियों ने बढ़-चढ़कर नामांकन पत्र खरीदे और दाखिल किए , जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि इस बार नगर पंचायत का पहला चुनाव बेहद रोमांचक और दिलचस्प होने वाला है । नगर पंचायत बनने के बाद पहली बार हो रहे इस चुनाव को लेकर आम जनता , युवा वर्ग और राजनीतिक दलों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है । पाटी बाजार की चाय की दुकानों से लेकर गांव की चौपालों तक हर जगह अब सिर्फ चुनावी समीकरणों और संभावित जीत-हार की चर्चाएं सुनाई दे रही हैं ।4 नामांकन हुए थे अध्यक्ष पद के लिए
निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल 7 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी , जिनमें से 4 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया था । निर्वाचन अधिकारी ने बताया चारों नामांकन सही पाए गए हैं । अब अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरने वालों में नारायण लाल पुत्र सुंदर लाल , नवीन राम , पार्वती देवी और नारायण राम शामिल हैं ।4 वार्डों के लिए 16 लोगों ने किया था नामांकन
नगर पंचायत पाटी में वार्ड सदस्य पद के लिए भी लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है । निर्वाचन अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी के अनुसार अलग-अलग वार्डों से कुल 16 नामांकन दाखिल किए गए थे , जांच के दौरान सभी 16 नामांकन सही पाए गए हैं ।वार्डों में घमासान , जानिए किस वार्ड से कौन हैं दावेदार
वार्ड संख्या 1 ( रानीचौड़ )
खीमा , रुकमणी देवी , शांति देवी और सुनीता ने नामांकन कराया ।
वार्ड संख्या 2 ( जौलाड़ी )
दिनेश सिंह मेहता , कमल बिष्ट, मनीषा मेहता , बबलू सिंह , विवेक बिष्ट और सोनी बिष्ट ने नामांकन कराया ।
वार्ड संख्या 3 ( न्यू कॉलोनी )
दीपक चंद्र सोराड़ी , संजय प्रसाद , नवल पचौली और विनोद सोराड़ी ने नामांकन दाखिल किया ।
वार्ड संख्या 4 ( पूनाकोट )
मनीषा पत्नी चंचल कुमार और संगीता पत्नी राजेंद्र प्रसाद ने अपनी दावेदारी पेश की । इन सभी दावेदारों के नामांकन सही पाए गए हैं ।
नाम वापसी 31 मई तक , नाम वापसी के भी लगाए जा रहे हैं कयास
अध्यक्ष पद और वार्ड स्तर पर बड़ी संख्या में नामांकन होने से साफ है कि , कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है । स्थानीय स्तर पर समर्थकों ने अभी से समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं । अभी 31 मई अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी हो सकते हैं । राजनीति के जानकार कयास लगाए जा रहे हैं कि , वार्ड स्तर पर कुछ दावेदार नाम वापसी कर सकते हैं ।1 जून को होगा चुनाव चिन्हों का आबंटन
1 जून को पूर्वाह्न 10 बजे से चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा । चुनाव चिन्ह मिलने के बाद पाटी में प्रचार अभियान पूरी रफ्तार पकड़ने की संभावना जताई जा रही है । कई संभावित प्रत्याशी गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान शुरू कर चुके हैं , जबकि कुछ उम्मीदवार रणनीतिक बैठकों के जरिए अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं ।9 जून को मतदान के बाद 11 जून का रहेगा इंतजार
नगर पंचायत पाटी चुनाव के लिए 9 जून को मतदान कराया जाएगा , जबकि 11 जून को मतगणना होगी । जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है , वैसे-वैसे पाटी का राजनीतिक तापमान भी चढ़ता जा रहा है । लोग अपने समर्थित प्रत्याशियों को लेकर खुलकर सामने नहीं आए हैं , लेकिन अंदरखाने बैठकों और समीकरणों का दौर जारी है । चुनाव चिन्ह मिलते ही लोग अपने प्रत्याशियों के साथ खुलकर सामने आने लगेंगे । स्थानीय लोगों का मानना है कि नगर पंचायत पाटी का पहला चुनाव क्षेत्र की राजनीति में बड़े बदलाव ला सकता है । अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है , चुनावी ऊंट किस करवट बैठेगा और पाटी की जनता किसे अपना पहला नगर पंचायत प्रतिनिधि चुनती है ।