वाह री व्यवस्था ! अब माली करेगा भ्रष्टाचार की जांच , पालिका की टीम पर उठे सवाल
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी की शिकायत , जांच दल में माली की एंट्री से चर्चा गर्म ।
पिथौरागढ़ ( Pithoragarh ) - जिले में अब तक माली का काम पौधों की छंटाई , फूलों की देखभाल और हरियाली बढ़ाना माना जाता था , लेकिन बेरीनाग नगर पालिका ने उनकी जिम्मेदारियों का दायरा कुछ ज्यादा ही बढ़ा दिया है । यहां भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच के लिए गठित टीम में एक माली को सदस्य बना दिया गया है । मामला सामने आते ही लोगों की जुबान पर एक ही सवाल है - क्या अब घोटालों की निराई-गुड़ाई भी माली ही करेंगे ?शिकायत ने खोली पालिका की पोल या व्यवस्था की कमी ?
भटेड़ीगांव वार्ड निवासी कैलाश चन्याल ने हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन के लाभ पात्र लोगों के बजाय सक्षम लोगों तक पहुंच गए । जबकि असली जरूरतमंद आज भी सरकारी योजनाओं की राह देख रहे हैं । शिकायत के बाद पालिका ने जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम बना दी , लेकिन टीम की सूची ने जांच से ज्यादा लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया ।जांच टीम में माली , लोग बोले - अब माली , घोटाले खोलेंगे
पालिका की जांच टीम में एक माली को शामिल किए जाने पर स्थानीय लोगों में हैरानी है । लोगों का कहना है कि वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच के लिए अनुभवी और तकनीकी कर्मचारियों की जरूरत होती है । ऐसे में माली की मौजूदगी ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है । चाय की दुकानों से लेकर सोशल मीडिया तक सवाल तैर रहे हैं कि आखिर फूलों की क्यारी संभालने वाला कर्मचारी भ्रष्टाचार की परतें कैसे उधेड़ेगा ?[h2स्टाफ कम था , इसलिए माली भी काम आया - पालिका[/h2]मामले पर अधिशासी अधिकारी मीनाक्षी का कहना है कि जांच टीम में अवर अभियंता मुख्य जांचकर्ता हैं और कर्मचारियों की कमी के चलते माली को सहयोगी सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है । हालांकि यह सफाई लोगों के गले कम ही उतर रही है । कई लोग तंज कस रहे हैं कि अगर यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में सड़क निर्माण की जांच सफाई कर्मी और वित्तीय ऑडिट माली के भरोसे होता दिखाई दे सकता है ।जांच से ज्यादा चर्चा टीम की बनावट की
भ्रष्टाचार के आरोप गंभीर हैं , लेकिन फिलहाल चर्चा आरोपों से ज्यादा उस जांच टीम की हो रही है जिसे सच सामने लाने की जिम्मेदारी दी गई है । अब देखना दिलचस्प होगा कि यह टीम फाइलों में छिपे तथ्यों की छंटाई करती है या फिर मामला भी सरकारी बगीचों की तरह सिर्फ कागजों में ही हरा-भरा नजर आता है ।अब रिपोर्ट का इंतजार
प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े आरोपों की सच्चाई क्या है , इसका फैसला जांच रिपोर्ट करेगी । लेकिन इतना जरूर है कि बेरिनाग में इस बार जांच से पहले ही टीम की संरचना ने सुर्खियां बटोर ली हैं ।
बेरिनाग नगर पालिका, माली करेगा भ्रष्टाचार जांच, बेरिनाग भ्रष्टाचार मामला, प्रधानमंत्री आवास योजना अनियमितता, स्वच्छ भारत मिशन घोटाला, उत्तराखंड स्थानीय समाचार, पिथौरागढ़ न्यूज, नगर पालिका विवाद, मीनाक्षी बरवाला, हेल्पलाइन शिकायत, उत्तराखंड हिंदी न्यूज, भ्रष्टाचार जांच टीम, Uttarakhand News, Bageshwar News, Viral Local News.
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: