दर्दनाक हादसा : घर के अंदर बैठी थीं महिलाएं , तभी ऊपर से टूटा मौत बनकर पेड़
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
बागेश्वर में पूजा के दौरान बड़ा हादसा : मकान पर पेड़ गिरने से छह महिलाएं घायल , पांच की हालत गंभीर ।
बागेश्वर ( Bageshwar ) - जिले की ग्राम पंचायत बनैगांव के उपराड़ा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया । पूजा-अनुष्ठान के दौरान अचानक एक विशाल पेड़ आवासीय मकान पर गिर गया , जिससे घर के अंदर मौजूद छह महिलाएं घायल हो गईं । इनमें पांच महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है । घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया ।पूजा के दौरान घर के अंदर बैठे थे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार उपराड़ा गांव निवासी बंशीधर कांडपाल के घर में पूजा-अनुष्ठान चल रहा था । इसी दौरान क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते पूजा में शामिल लोग घर के अंदर बैठ गए । तभी अचानक एक पेड़ मकान पर गिर गया और मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया । पेड़ की चपेट में आने से वहां मौजूद महिलाएं घायल हो गईं ।छह महिलाएं हुईं घायल , पांच की हालत गंभीर
हादसे में घायल महिलाओं में दीपा देवी (39) पत्नी भास्कर पांडेय , प्रेमा देवी (50) पत्नी रमेश चंद्र , हंसी देवी (55) पत्नी पूरन चंद्र , तुलसी देवी (48) पत्नी बंशीधर , मीना देवी (36) पत्नी गोविंद बल्लभ तथा लीला देवी (50) पत्नी दिनेश चंद्र शामिल हैं । इनमें पांच महिलाओं की स्थिति गंभीर बताई जा रही है ।सीएचसी कांडा में कराया गया भर्ती
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया । सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा पहुंचाया गया , जहां उनका उपचार चल रहा है । गंभीर रूप से घायल महिलाओं की स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार नजर बनी हुई है ।जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान कुंती देवी , क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता बोरा तथा सामाजिक कार्यकर्ता सूरज कुमार ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे । उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में पेड़ गिरने और भूस्खलन जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ गया है । इस घटना ने एक बार फिर मानसून के दौरान ग्रामीण इलाकों में सतर्कता बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है ।
Bageshwar News, बागेश्वर हादसा, उपराड़ा गांव हादसा, पेड़ गिरने से महिलाएं घायल, कांडा सीएचसी, बागेश्वर ताजा खबर, उत्तराखंड समाचार, बारिश में हादसा, बागेश्वर ग्राम पंचायत बनैगांव, Uttarakhand Hindi News
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: