पिथौरागढ़ कांग्रेस में महाभारत ! मंच पर विधायक की किरकिरी , महिला कांग्रेस कार्यकारिणी भंग , तीन नेताओं पर गिरी अनुशासन की गाज
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
परिवर्तन संकल्प सम्मेलन बना शक्ति प्रदर्शन , स्वागत भाषण से भड़का विवाद ।
पिथौरागढ़ ( Pithoragarh ) - आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पिथौरागढ़ कांग्रेस में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई । परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के दौरान एकजुटता का संदेश देने की कोशिश उस समय विवाद में बदल गई , जब महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी ने अपने स्वागत भाषण में स्थानीय विधायक मयूख महर पर निकाय चुनाव से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठाए । मंच पर माहौल गरमा गया और नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई ।नाराज विधायक ने बीच कार्यक्रम छोड़ा मंच , बहिष्कार का ऐलान
विवाद बढ़ने पर विधायक मयूख महर ने इसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की कोशिश बताते हुए कार्यक्रम का बीच में ही बहिष्कार कर दिया और मंच छोड़कर बाहर निकल गए । विधायक का आरोप है कि कुछ नेताओं ने सुनियोजित तरीके से उन्हें मंच पर शर्मिंदा करने की कोशिश की ।महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष का पलटवार , बोलीं - मर्यादा में रखी थी पीड़ा
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी ने विधायक के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने निकाय चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं की पीड़ा और सवाल मर्यादित तरीके से मंच पर रखे थे । उनका कहना है कि यदि विधायक जवाब देते तो विवाद इतना नहीं बढ़ता ।मंच पर बढ़ा हंगामा , नेताओं ने संभालने की कोशिश
स्थिति बिगड़ने पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित वरिष्ठ नेताओं ने माहौल शांत कराने का प्रयास किया । पूर्व पीसीसी सदस्य दीपक लुंठी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पंत ने भी बीच-बचाव किया , लेकिन विवाद थमता नहीं दिखा ।कांग्रेस हाईकमान सख्त , महिला कांग्रेस जिला कार्यकारिणी भंग
घटना के बाद कांग्रेस संगठन ने कड़ा रुख अपनाते हुए पिथौरागढ़ महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग कर दी । अनुशासनहीनता के आरोप में पूर्व दर्जा राज्यमंत्री महेंद्र लुंठी , पूर्व पीसीसी सदस्य दीपक लुंठी और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है । तीनों से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है , अन्यथा कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है ।चुनाव से पहले कांग्रेस की फूट आई खुलकर सामने
परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में हुए इस घटनाक्रम ने पिथौरागढ़ कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को सार्वजनिक कर दिया है । विधानसभा चुनाव से पहले सामने आया यह विवाद संगठन के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है । हालांकि , पिथौरागढ़ शहर में निकली कांग्रेस की रैली में लोगों का हुजूम उमड़ा ।
पिथौरागढ़ कांग्रेस विवाद, मयूख महर, भावना नगरकोटी, गणेश गोदियाल, महिला कांग्रेस भंग, कांग्रेस अनुशासनात्मक कार्रवाई, परिवर्तन संकल्प सम्मेलन, Uttarakhand Congress News, उत्तराखंड हिंदी समाचार, Pithoragarh Political News, Uttarakhand Politics.