उग्रवादी हमला : उत्तराखंड के दो जवान शहीद , मणिपुर में ऑपरेशनल मूवमेंट के दौरान हुआ हमला
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
मणिपुर - के उखरुल जिले में उग्रवादियों द्वारा किए गए घातक हमले में असम राइफल्स के दो वीर जवान शहीद हो गए । शहीदों में अल्मोड़ा निवासी वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और पौड़ी गढ़वाल निवासी हवलदार चंद्र मोहन सिंह शामिल हैं । हमले में कई अन्य जवानों के घायल होने की भी सूचना है ।अचानक हुई फायरिंग , सुरक्षा बलों ने दिया मुंहतोड़ जवाब
पुलिस अधिकारियों के अनुसार , सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे उखरुल जिले के मुंगशांग खोंग क्षेत्र में सुरक्षा बलों के नियमित ऑपरेशनल मूवमेंट के दौरान संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफल्स के काफिले पर अचानक गोलियां बरसा दीं । सुरक्षा बलों ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की , लेकिन इस हमले में दो जवानों ने राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया ।असम राइफल्स ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
हमले के बाद असम राइफल्स ने आधिकारिक बयान जारी कर दोनों शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की । असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा ने कहा कि वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और हवलदार चंद्र मोहन सिंह ने देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है । उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में असम राइफल्स शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है ।पौड़ी गढ़वाल के डांडातोली गांव के थे हवलदार चंद्र मोहन सिंह
शहीद हवलदार चंद्र मोहन सिंह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के नैनीडांडा ब्लॉक स्थित डांडातोली गांव के निवासी थे । वर्तमान में उनका परिवार गाजियाबाद में रह रहा है । उनके परिवार में पत्नी मंजू देवी , एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं । भावुक करने वाली बात यह है कि उनके पिता स्वर्गीय गोविंद सिंह का 2 मई को निधन हो गया था । पारिवारिक क्रियाकर्म पूरा करने के बाद हवलदार चंद्र मोहन सिंह 3 जुलाई को ही ड्यूटी पर लौटे थे । कुछ ही दिनों बाद मातृभूमि की रक्षा करते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दे दिया ।गांव से लेकर पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर
शहादत की खबर मिलते ही डांडातोली गांव सहित पूरे नैनीडांडा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई । ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की । उत्तराखंड के लोगों ने भी अपने वीर सपूत की शहादत पर गर्व और दुख दोनों व्यक्त किए ।भारतीय सेना की पूर्वी कमान ने जताया शोक
भारतीय सेना की पूर्वी कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल वीएमबी कृष्णन सहित सभी अधिकारियों और जवानों ने दोनों शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की । देशभर में इस आतंकी हमले की निंदा की जा रही है और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जा रही है ।
मणिपुर उग्रवादी हमला, असम राइफल्स जवान शहीद, हवलदार चंद्र मोहन सिंह, पौड़ी गढ़वाल समाचार, उत्तराखंड वीर सपूत, मणिपुर न्यूज हिंदी, उखरुल हमला, असम राइफल्स ताजा खबर, उत्तराखंड हिंदी समाचार, भारतीय सेना समाचार, अल्मोड़ा बलवंत सिंह, उत्तराखंड ब्रेकिंग न्यूज