दर्दनाक : उत्तराखंड में पत्नी की सांसें टूटती रहीं , पति बेबस होकर देखता रहा... तड़पती रही महिला , लेकिन दो घंटे तक नहीं आई एंबुलेंस
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
देहरादून ( Dehradun ) - उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से शनिवार सुबह एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है । शिमला बाइपास चौक पर सड़क पर बने गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 26 वर्षीय महिला को कुचल दिया । हादसे के बाद महिला और उसका पति सड़क पर गंभीर हालत में पड़े रहे । आरोप है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद करीब दो घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची , जिससे महिला ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया । इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया ।सड़क के गड्ढे ने पलभर में उजाड़ दिया परिवार
जानकारी के अनुसार, बड़ोवाला निवासी दुर्गा (26) अपने पति के साथ बाइक से डोईवाला की ओर जा रही थीं । सुबह करीब 7:30 बजे जब वे शिमला बाइपास चौक के पास पहुंचे तो सड़क पर बने गड्ढे की वजह से बाइक का संतुलन बिगड़ गया । दुर्गा सड़क पर गिर गईं और उसी समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया । हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी ।मदद के लिए दौड़े लोग , लेकिन समय पर नहीं मिली एंबुलेंस
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद शुरू की । लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी । प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कई बार कॉल करने के बावजूद करीब दो घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची । इस दौरान घायल महिला अत्यधिक रक्तस्राव के कारण जिंदगी की जंग हार गई , जबकि उसका पति घायल अवस्था में सड़क पर दर्द से तड़पता रहा ।एंबुलेंस सेवा पर उठे गंभीर सवाल , लोगों में फूटा गुस्सा
महिला की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा । लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । उनका कहना था कि यदि समय पर एंबुलेंस पहुंच जाती तो शायद महिला की जान बचाई जा सकती थी । घटना ने एक बार फिर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं ।पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराया । दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है । मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है । पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है । शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।बड़ा सवाल - आखिर जिम्मेदार कौन ?
इस दर्दनाक हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं । सड़क पर गड्ढा क्यों था ? यदि एंबुलेंस समय पर पहुंचती तो क्या एक जिंदगी बच सकती थी ? आखिर आपातकालीन सेवाओं में इतनी देरी क्यों हुई ? इन सवालों के जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएंगे , लेकिन फिलहाल एक परिवार ने अपनी बेटी , पत्नी और बहू को हमेशा के लिए खो दिया है ।
Dehradun Road Accident, Dehradun Truck Accident, Shimla Bypass Accident, Dehradun Bike Accident, Ambulance Delay News, Uttarakhand Road Accident, Dehradun Breaking News, Durga Death Accident, 108 Ambulance Delay, Dehradun News Hindi, Uttarakhand Hindi Samachar, सड़क हादसा देहरादून, शिमला बाइपास हादसा, देहरादून ट्रक हादसा, एंबुलेंस लापरवाही, उत्तराखंड ब्रेकिंग न्यूज़, देहरादून दुर्घटना, सड़क पर गड्ढे से हादसा, महिला की दर्दनाक मौत