उत्तराखंड : गैंगरेप के तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार , एक के पैर में लगी गोली
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
ऊधमसिंहनगर ( U S Nagar ) - जिले में हाल ही में हुए चर्चित गैंगरेप मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है । फरार चल रहे तीनों आरोपियों को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया । इस दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी के पैर में जवाबी कार्रवाई में गोली लगी , जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है । गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं । पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार , 27 जुलाई 2026 की देर रात कोतवाली रुद्रपुर पुलिस चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी । इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया , लेकिन वे पुलिस को देखकर भागने लगे । पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी । पुलिस ने आत्मरक्षा और वैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए जवाबी कार्रवाई की , जिसमें गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लग गई । घायल आरोपी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल पहुंचाया गया , जहां उसका उपचार जारी है ।गैंगरेप के तीनों वांछित आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गैंगरेप मामले में वांछित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है । गिरफ्तार आरोपियों में गुरबाज उर्फ मानु (23 वर्ष) पुत्र प्रीतम सिंह , निवासी ग्राम कलकत्ती , थाना गदरपुर , जनपद ऊधमसिंहनगर (घायल) , जोगा सिंह (24 वर्ष) पुत्र रंजीत सिंह , निवासी ग्राम अज्जूवाला , थाना मिलक खानम , जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) और रविंदर (19 वर्ष) पुत्र फुम्मन सिंह , निवासी ग्राम अज्जूवाला , थाना मिलक खानम , जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं ।अवैध हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं । पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अलग से वैधानिक कार्रवाई भी शुरू कर दी है ।एसएसपी अजय गणपति ने संभाली कमान
गैंगरेप की गंभीर घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे । उनके निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश , सुरागरसी और सघन चेकिंग अभियान चलाया , जिसके परिणामस्वरूप तीनों आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गए । मुठभेड़ के बाद एसएसपी स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से गहन पूछताछ की । पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है ।
Udham Singh Nagar Gang Rape Case, Rudrapur Gang Rape News, Rudrapur Police Encounter, Uttarakhand Crime News, Udham Singh Nagar Police, Bagwara Encounter, SSP Ajay Ganpati, Gangrape Accused Arrested, Rudrapur Latest News, उत्तराखंड हिंदी समाचार, ऊधमसिंहनगर गैंगरेप, रुद्रपुर पुलिस मुठभेड़, उत्तराखंड क्राइम न्यूज, गैंगरेप आरोपी गिरफ्तार, बगवाड़ा मुठभेड़।