हमले : पहले चम्पावत , फिर बाजपुर... आखिर किसके दम पर सरकारी अफसरों पर हो रहे हमले ?
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
कोसी में खनन माफिया का तांडव ! चम्पावत में भी वन दरोगा पर हुआ था हमला ।
देहरादून ( Dehradun ) - उत्तराखंड में अवैध खनन और वन अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली सरकारी टीमों पर लगातार हमले चिंता का विषय बनते जा रहे हैं । उधम सिंह नगर के बाजपुर में कोसी नदी में अवैध खनन रोकने पहुंची रॉयल्टी चेकिंग टीम पर कथित तौर पर खनन माफियाओं ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया । इस हमले में टीम के कर्मचारी घायल हो गए , जबकि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है ।कोसी नदी में हमला , अवैध खनन रोकना पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार , बाजपुर के सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में कोसी नदी के गेट टांडा बजारी इलाके में रॉयल्टी चेकिंग कर रही टीम ने कथित तौर पर अवैध रूप से रेत-बजरी ले जा रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया । आरोप है कि इसी दौरान खनन माफियाओं ने टीम पर हमला बोल दिया । घायल कर्मचारियों ने पुलिस चौकी में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है । पुलिस मामले की जांच में जुट गई है ।चम्पावत में भी वन दरोगा पर हमला , जांच जारी
इसी तरह कुछ दिन पहले चम्पावत जिले की देवीधुरा वन रेंज में भी वन विभाग की कार्रवाई के दौरान वन दरोगा पवन माहरा पर कथित तौर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया था । घटना के बाद मामला थाना पाटी पहुंचा , जहां पुलिस ने जांच शुरू कर दी । हालांकि , घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से वन विभाग में नाराजगी है ।वन विभाग ने जताई नाराजगी
सूत्रों के अनुसार , वन विभाग ने आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर असंतोष व्यक्त किया है । विभाग का कहना है कि यदि सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के दौरान इस तरह के हमले होते रहे और समय पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई , तो इससे कानून का भय कमजोर पड़ सकता है ।
Uttarakhand News, Champawat News, Devi Dhura Forest Range, Forest Guard Pawan Mehra Attack, Bajpur Mining Mafia Attack, Kosi River Illegal Mining, Royalty Checking Team Attack, Uttarakhand Illegal Mining, Pati Police, Forest Department Uttarakhand, Khanan Mafia News, Uttarakhand Hindi Samachar