शिकंजा : एक झटके में उजड़ गई जिंदगी ! 33 केवी लाइन ने छीने दोनों हाथ , अब यूपीसीएल के पूर्व एमडी पर केस
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
देहरादून ( Dehradun ) - राजधानी देहरादून के कारगी चौक के पास वर्ष 2023 में हुई एक दर्दनाक घटना ने रुद्रप्रयाग जिले के जखोली विकासखंड के त्युंखर गांव निवासी 35 वर्षीय पिंकू लाल की पूरी जिंदगी बदलकर रख दी । एक पल की कथित लापरवाही ने न सिर्फ उनके दोनों हाथ छीन लिए , बल्कि पांच छोटे बच्चों और पत्नी के सामने रोजी-रोटी का भी गंभीर संकट खड़ा कर दिया ।फोन पर बात कर रहे थे , तभी 33 केवी लाइन की चपेट में आ गए
पिंकू लाल पेशे से चालक थे और परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे । घटना के दिन वह अपनी गाड़ी से उतरकर फोन पर बात कर रहे थे । इसी दौरान मानकों के विपरीत नीचे झूल रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए । तेज करंट से उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया। कई महीनों तक चले इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने के लिए दोनों हाथ काटने पड़े ।दोनों हाथ कटे... रोजगार भी छिना , अब 1500 रुपये की पेंशन के सहारे गुजर-बसर
माता-पिता का साया पहले ही सिर से उठ चुका था । पत्नी और पांच छोटे बच्चों की जिम्मेदारी अकेले पिंकू लाल के कंधों पर थी । हादसे के बाद वह पूरी तरह काम करने में असमर्थ हो गए । आज हालात ऐसे हैं कि परिवार सरकारी राशन और मात्र 1500 रुपये प्रतिमाह की दिव्यांग पेंशन के सहारे किसी तरह जीवनयापन कर रहा है । मोबाइल फोन का रिचार्ज तक दोस्तों की मदद से करवाना पड़ता है ।थाने से नहीं मिला न्याय , कोर्ट पहुंचा मामला... अब यूपीसीएल के तत्कालीन एमडी पर केस
स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पिंकू लाल ने पटेलनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई , लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया । इसके बाद उन्होंने एसीजेएम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर अब यूपीसीएल के तत्कालीन प्रबंध निदेशक अनिल कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है । पटेलनगर के इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं ने इसकी पुष्टि की है ।तीन साल बाद जगी न्याय की उम्मीद
करीब तीन साल बाद कानूनी कार्रवाई शुरू होने से पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद बंधी है । यह मामला एक बार फिर सरकारी विभागों में सुरक्षा मानकों और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है ।सामाजिक कार्यकर्ता ने उठाई मुआवजे और सम्मानजनक पेंशन की मांग
जखोली विकासखंड के सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम पंवार ने इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है । उन्होंने कहा कि पिंकू लाल को उचित मुआवजा , पर्याप्त दिव्यांग पेंशन और परिवार के पुनर्वास के लिए सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए , ताकि पीड़ित परिवार सम्मानपूर्वक जीवन जी सके ।
देहरादून न्यूज, कारगी चौक हादसा, हाईटेंशन लाइन हादसा, 33 केवी लाइन दुर्घटना, पिंकू लाल, यूपीसीएल न्यूज, UPCL MD केस, देहरादून ताजा खबर, उत्तराखंड समाचार, रुद्रप्रयाग न्यूज, जखोली समाचार, उत्तराखंड दुर्घटना, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा, दिव्यांग पेंशन, उत्तराखंड हिंदी समाचार
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: