वीडियो : देवीधुरा बग्वाल मेले में पिछले साल गई पुलिस जवान की जान , इस बार प्रशासन के सामने सुरक्षा की चुनौती
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चम्पावत से सूरज लडवाल की रिपोर्ट
देवीधुरा बग्वाल में उमड़ेगा जनसैलाब, छतों से लेकर संकरी सड़कों तक पुलिस की अग्निपरीक्षा ।
चम्पावत ( Champawat ) - विश्व प्रसिद्ध मां वाराही धाम देवीधुरा में 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन ऐतिहासिक बग्वाल होगी । लेकिन आस्था के इस बड़े आयोजन के साथ प्रशासन के सामने सुरक्षा की बेहद गंभीर चुनौती भी होगी । सबसे बड़ा खतरा दोमंजिला भवनों और छतों पर चढ़कर बग्वाल देखने वाली भीड़ से है । बड़ी संख्या में लोग बग्वाल देखने के लिए भवनों की छतों पर पहुंचते हैं । ऐसे में भीड़ का दबाव , फिसलने या गिरने की घटनाओं को रोकना पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी होगी ।2025 की दर्दनाक घटना अभी भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ा सबक है । पिछले वर्ष छतों पर जमा भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान मंदिर की धर्मशाला की छत से गिरकर एक पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था । बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी । वीडियो खबर के अंत में दिया गया है । ऐसे में इस बार छतों और ऊंचे स्थानों पर भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस के लिए सबसे संवेदनशील चुनौती होगी ।बग्वाल खत्म होने के बाद भी आसान नहीं होगी राह
बग्वाल समाप्त होने के बाद मैदान से निकलने वाली भारी भीड़ को देवीधुरा की संकरी सड़क से सुरक्षित बाहर निकालना भी पुलिस प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण होगा । हजारों श्रद्धालुओं की एक साथ आवाजाही से जाम और अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो सकती है । ऐसे में यातायात डायवर्जन , पार्किंग और भीड़ के निकास की प्रभावी योजना बेहद जरूरी होगी ।23 अगस्त से शुरू होगा मेला
देवीधुरा में 23 अगस्त से 4 सितंबर तक आषाढ़ी कौतिक रक्षाबंधन बग्वाल मेला चलेगा । 28 अगस्त को मुख्य बग्वाल होगी , जिसमें चार खामों के रणबांकुरे खोलीखाड़ दुबाचौड़ मैदान में परंपरा निभाएंगे । प्रशासन ने पेयजल , बिजली , सफाई , स्वास्थ्य , यातायात और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं । 24 घंटे मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी तैनात रहेगी । इस बार मां वाराही के जयकारों के बीच बग्वाल जितनी भव्य होगी , उतनी ही बड़ी परीक्षा पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की भी होगी ।
वीडियो देखने के लिए इस लिंक पर टच करें - https://youtu.be/2XM48PXrSFs?si=TI76WhrdN95tvNca
Video: