राष्ट्रीय संगोष्ठी में उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण के लिए डॉ देवकी नन्दन सम्मानित
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
हरिद्वार की राष्ट्रीय संगोष्ठी में छाए जैहरीखाल के डॉ. नन्दन , ब्रोंस्टेड एसिडिक मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स पर शोध ने बटोरी विशेषज्ञों की सराहना ।
हरिद्वार ( Haridwar ) - गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय , हरिद्वार में आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय , जैहरीखाल के रसायन विज्ञान विभाग में कार्यरत डॉ. देवकी नन्दन ने अपनी शोध प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया । उनके प्रभावी शोध प्रस्तुतीकरण को देखते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण सम्मान से नवाजा गया ।देशभर के शोधार्थियों ने साझा किए अत्याधुनिक शोध
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग एवं अनुसंधान और विकास प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय इमर्जिंग ट्रेंड्स इन केमिस्ट्री , बायोपॉलिमर एंड सस्टेनेबल मटीरियल्स रहा । संगोष्ठी में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से पहुंचे शोधार्थियों ने रसायन विज्ञान , ग्रीन बायोपॉलिमर और सस्टेनेबल मटीरियल्स से जुड़े नवीनतम शोध एवं प्रयोगों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए ।ब्रोंस्टेड एसिडिक मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स पर पेश किया शोध
डॉ. देवकी नन्दन ने ब्रोंस्टेड एसिडिक मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स फॉर हेट्रोजेनियस कैटालिसिस विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया । उनके शोध की विषयवस्तु , वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रभावी प्रस्तुतीकरण ने विशेषज्ञों एवं निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया । उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें सम्मानित किया गया ।कैटालिसिस में शोध , 20 से अधिक रिसर्च पेपर और दो पेटेंट
डॉ. नन्दन का शोध कार्य कैटालिसिस के क्षेत्र में विभिन्न कार्बनिक एवं अकार्बनिक रूपांतरणों पर केंद्रित है । उनके अब तक 20 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हो चुके हैं । इसके अलावा उनके नाम दो पेटेंट भी प्रकाशित हैं ।किताबों से डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंचा रहे केमिस्ट्री
शोध और अध्यापन के साथ डॉ. नन्दन डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं । वह यूट्यूब चैनल के माध्यम से रसायन विज्ञान के विभिन्न विषयों पर वीडियो लेक्चर उपलब्ध करा रहे हैं । विद्यार्थियों की पढ़ाई को आसान बनाने के उद्देश्य से अब तक उनके 300 से अधिक वीडियो लेक्चर ऑनलाइन उपलब्ध हैं ।पहले भी मिल चुके हैं कई प्रतिष्ठित सम्मान
डॉ. देवकी नन्दन की शैक्षणिक एवं शोध उपलब्धियों का सिलसिला नया नहीं है । उन्हें इससे पूर्व 7वां टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड (2024) , I2OR राष्ट्रीय अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार (2024) और देवभूमि शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार (2025) समेत विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है ।महाविद्यालय परिवार ने दी बधाई
डॉ. देवकी नन्दन की इस उपलब्धि पर भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय , जैहरीखाल के प्राचार्य एवं समस्त महाविद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई दी । महाविद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी शोध , अध्यापन और डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करते रहेंगे ।
डॉ. देवकी नन्दन, देवकी नन्दन जैहरीखाल, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार राष्ट्रीय संगोष्ठी, रसायन विज्ञान, उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण सम्मान, केमिस्ट्री रिसर्च, कैटालिसिस रिसर्च, मेटल ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स, Brønsted Acidic Metal Organic Frameworks, Sustainable Materials, Green Biopolymer, उत्तराखंड समाचार, हरिद्वार समाचार, जैहरीखाल समाचार, उत्तराखंड हिंदी समाचार