दर्दनाक : चम्पावत एक्सिडेंट में दूसरे युवक की भी मौत , परिजनों में मचा कोहराम
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चम्पावत ( Champawat ) - जिले में कानाकोट के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया । कानाकोट से लोहाघाट की ओर आ रही कार करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी । हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । स्थानीय लोगों और जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा की मदद से घायलों को उपचार के लिए लोहाघाट अस्पताल ले जाया गया ।गहरी खाई में गिरी कार
जानकारी के मुताबिक हादसा कानाकोट के पास हुआ । बताया जा रहा है , एंबुलेंस को पास देने के दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी । हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया ।जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना में ग्राम पंचायत कानाकोट निवासी कमल सिंह बोहरा ( 52 ) पुत्र रघुवर सिंह बोहरा तथा उनके साथ मौजूद बिहार मूल के बबलू चौधरी पुत्र गंगा चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए ।अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घायलों को लोहाघाट अस्पताल ले जा रहे लोगों के मुताबिक बिहार मूल के व्यक्ति की रास्ते में मौत हो गई । जबकि थोड़ी दूर चलते ही , कमल सिंह बोहरा ने भी दम तोड़ दिया । अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया ।हादसे से क्षेत्र में मचा हड़कंप
कानाकोट के पास हुए हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया । मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर है ।घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे जनप्रतिनिधि व अधिकारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष चंपावत आनंद सिंह अधिकारी , पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल , पूर्व शिक्षक नेता गोविंद सिंह बोरा सहित कई लोग अस्पताल में पहुंचे तथा हादसे की जानकारी ली और घटना पर दुख जताया । मृतक कमल सिंह उधम सिंह नगर जिले के लोहियाहेड पावर हाउस में कार्यरत थे । जानकारी के मुताबिक कमल सिंह के द्वारा भवन निर्माण का कार्य चलाया गया था । जिसका सामान लेने के लिए वह मिस्त्री बबलू के साथ लोहाघाट की ओर को आ रहे थे तभी यह दुखद हादसा हो गया । सूचना पर एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर , पुलिस व राजस्व उप निरीक्षक ऋषभ कुमार अस्पताल पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली । एसडीएम लोहाघाट के द्वारा मृतक के परिजनों को ढांढस बधाया गया तथा प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिया । पुलिस के द्वारा दोनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है । ग्रामीणों ने सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन से सड़क के किनारे क्रश बैरियर लगाने की मांग की है ।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: