चम्पावत : खटारा बसों के भरोसे मॉडल जिला ! बदहाली पर फूटा यूकेडी नेता रजवार का गुस्सा
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
चम्पावत से सूरज लडवाल की रिपोर्ट
5 किलोमीटर चलते ही बीच सड़क पर दम तोड़ गई रोडवेज बस , मॉडल जिले में परिवहन निगम की बदहाली पर उठे सवाल ।
चम्पावत ( Champawat ) - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मॉडल जिले चम्पावत में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है । लोहाघाट डिपो से बरेली के लिए रवाना हुई रोडवेज बस महज पांच किलोमीटर का सफर तय करने के बाद मानेश्वर के पास बीच रास्ते में खराब हो गई । बस में उस समय 26 यात्री सवार थे । अचानक रेडिएटर लीक होने से बस सड़क किनारे खड़ी हो गई , ये पहली मर्तबा नहीं है कि बस खराब होने से यात्रियों को दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा हो । इससे पहले भी यहां दर्जनों बार ऐसा हुआ है ।लोहाघाट से निकली और मानेश्वर पहुंचते ही थम गई बस
जानकारी के अनुसार बुधवार 26 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे लोहाघाट डिपो की बस बरेली के लिए रवाना हुई थी । बस में कुल 26 यात्री सवार थे । लोहाघाट बस स्टेशन से करीब पांच किलोमीटर आगे मानेश्वर के पास अचानक बस का रेडिएटर लीक हो गया । बस में तकनीकी खराबी आने के बाद चालक मदन कुंवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया । चालक-परिचालक ने तत्काल अधिकारियों को बस खराब होने की सूचना दी ।सड़क पर बैठकर दूसरी बस का इंतजार करते रहे यात्री
रोडवेज बस के बीच रास्ते में खराब होने के बाद यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा । दूसरी बस के आने तक कई यात्री सड़क किनारे बैठकर इंतजार करते नजर आए । इस दौरान यात्रियों में परिवहन निगम की कार्यप्रणाली को लेकर खासा आक्रोश देखने को मिला । बाद में परिवहन निगम की ओर से दूसरी बस मौके पर भेजी गई और सभी यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया ।आए दिन बीच रास्ते में दम तोड़ रही रोडवेज बसें
यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि परिवहन निगम की बसों का बीच रास्ते में खराब होना अब आम बात होती जा रही है । यात्रियों का आरोप है कि खस्ताहाल बसों के सहारे लंबे रूटों पर सफर कराया जा रहा है , जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है । चालक मदन कुंवर और परिचालक कौस्तव ने बताया कि बस में 26 यात्री सवार थे । अचानक रेडिएटर लीक होने के कारण बस खराब हुई । अधिकारियों को सूचना देने के बाद यात्रियों को दूसरी बस से भेज दिया गया ।UKD नेता ने सरकार और परिवहन निगम पर साधा निशाना
मामले को लेकर यूकेडी नेता दरवान रजवार और स्थानीय लोगों ने भी गहरी नाराजगी जताई । उन्होंने आरोप लगाया कि लोहाघाट डिपो लंबे समय से बदहाली का सामना कर रहा है और सरकार तथा परिवहन निगम के अधिकारियों की अनदेखी के कारण स्थिति लगातार बिगड़ रही है । उन्होंने कहा कि खटारा बसों को सड़कों पर दौड़ाकर यात्रियों के साथ-साथ चालक और परिचालक की जान भी जोखिम में डाली जा रही है । आए दिन बसों के खराब होने या दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं परिवहन निगम की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं ।बसों की कमी , स्पेयर पार्ट का भी संकट
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोहाघाट डिपो में सिर्फ बसों की ही कमी नहीं है , बल्कि स्पेयर पार्ट्स की कमी भी समस्या बनी हुई है । बसों की कमी के चलते कई रूटों की सेवाएं प्रभावित होने की बात कही जा रही है । आरोप है कि पर्याप्त बसें नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है और परिवहन निगम की आय के साथ कर्मचारियों की आय भी प्रभावित हो रही है ।जनता की समस्या से जनप्रतिनिधियों को कोई लेना-देना नहीं
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब जनता को रोजमर्रा की यात्रा में परेशानी हो रही है , तब जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को इस मुद्दे पर गंभीरता से आवाज उठानी चाहिए । लोगों ने सरकार से लोहाघाट डिपो की स्थिति सुधारने, पर्याप्त संख्या में नई बसें उपलब्ध कराने , पुराने वाहनों को हटाने और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है ।नई बसें नहीं मिलीं तो और बिगड़ सकती है स्थिति
लोहाघाट डिपो की लगातार सामने आ रही समस्याओं ने मॉडल जिला चम्पावत में सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं । यात्रियों का कहना है कि यदि समय रहते डिपो को नई और बेहतर बसें उपलब्ध नहीं कराई गईं तो यात्रियों का भरोसा परिवहन निगम से और कमजोर हो सकता है । फिलहाल पांच किलोमीटर चलते ही बस के रेडिएटर लीक होने की घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर यात्रियों को कब तक खटारा बसों के भरोसे सफर करना पड़ेगा ?
चम्पावत रोडवेज बस, लोहाघाट डिपो बस खराब, लोहाघाट बरेली रोडवेज बस, उत्तराखंड परिवहन निगम, रोडवेज बस खराब, लोहाघाट रोडवेज बस, चम्पावत समाचार, लोहाघाट समाचार, उत्तराखंड रोडवेज, खटारा रोडवेज बस, रोडवेज बसों की कमी, लोहाघाट डिपो की बदहाली, मुख्यमंत्री धामी मॉडल जिला, Uttarakhand Roadways, Lohaghat Depot
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: