दर्दनाक : 500 मीटर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो ! युवक की मौत , दूसरा गंभीर
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
बागेश्वर ( Bageshwar ) - जिले के कांडा-बाजड़-सिमकुना मोटर मार्ग पर थरन के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया । ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी । हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई , जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया ।शंकर सिंह की मौत , राहुल गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार सिमकुना निवासी शंकर सिंह (28) पुत्र कृपाल सिंह और राहुल सिंह नगरकोटी (32) पुत्र नरेंद्र सिंह कार से जा रहे थे । थरन के पास वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा । हादसे में शंकर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए , जबकि राहुल सिंह भी गंभीर अवस्था में मिले ।सुबह ग्रामीणों को मिली दुर्घटना की जानकारी
हादसे के बाद घायल राहुल सिंह सड़क के समीप जगदीश राम के घर के बरामदे में सोए हुए थे । मंगलवार सुबह ग्रामीणों की नजर नदी किनारे पलटी कार पर पड़ी , जिसके बाद दुर्घटना का पता चला। ग्रामीणों ने तत्काल 112 पर सूचना दी । सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कांडा बलवंत कम्बोज और तहसीलदार जगदीश गिरी पुलिस एवं प्रशासन की टीम के साथ मौके पर पहुंचे । ग्रामीणों की मदद से राहुल सिंह को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया ।अस्पताल में डॉक्टरों ने शंकर को मृत घोषित किया
राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा के चिकित्साधिकारी डॉ. दिव्य पांडेय के अनुसार राहुल सिंह को सुबह करीब नौ बजे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया । वहीं शंकर सिंह को करीब 11 बजे अस्पताल लाया गया , जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । बताया जा रहा है कि दोनों युवक अविवाहित थे ।क्रैश बैरियर होते तो बच सकती थी जान ?
हादसे के बाद ग्रामीणों में सड़क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश है । पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र नगरकोटी समेत ग्रामीणों ने कहा कि दुर्घटनास्थल पर सड़क के किनारे गहरी खाई है , लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं । ग्रामीणों का कहना है कि यदि संवेदनशील स्थान पर क्रैश बैरियर लगाए गए होते तो वाहन को खाई में गिरने से रोका जा सकता था और संभवतः एक परिवार का चिराग बुझने से बच जाता ।दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से कांडा-बाजड़-सिमकुना मार्ग के सभी दुर्घटना संभावित स्थानों का चिन्हीकरण कर तत्काल क्रैश बैरियर लगाने और सड़क किनारे अन्य सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है । पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है । घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है ।
बागेश्वर सड़क हादसा, कांडा सड़क दुर्घटना, बागेश्वर एक्सीडेंट, कांडा बाजड़ सिमकुना मोटर मार्ग, ऑल्टो कार खाई में गिरी, उत्तराखंड सड़क हादसा, बागेश्वर हादसे में मौत, क्रैश बैरियर की मांग