दर्दनाक : जन्मदिन की पार्टी के बाद 21 वर्षीय युवक की मौत, चलती कार से गिरने का दावा
(Report - uttarakhandhindisamachar.com)
नैनीताल ( Nainital ) - जिले के काठगोदाम थाना क्षेत्र में दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाना 21 वर्षीय युवक पुष्कर कोहली के लिए जानलेवा साबित हो गया । गुरुवार देर रात जमरानी कॉलोनी (पनचक्की) के पास संदिग्ध परिस्थितियों में चलती कार से सड़क पर गिरने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया । आरोप है कि हादसे के बाद उसके दोस्त घायल पुष्कर को अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसे सड़क किनारे छोड़कर मौके से चले गए । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया , जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया ।देर रात तक कार में चल रही थी जन्मदिन की पार्टी
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्कर गुरुवार देर शाम चार दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने निकला था । बताया जा रहा है कि दोस्त कार में घूमते हुए ही पार्टी कर रहे थे । रात करीब 3 बजे तक कार से घूमने और स्नैपचैट पर वीडियो बनाने की बात सामने आई है । इसी दौरान कार काठगोदाम की ओर पहुंची । जमरानी कॉलोनी के समीप पुष्कर संदिग्ध परिस्थितियों में चलती कार के दरवाजे से सड़क पर गिर गया । दोस्तों का दावा है कि कार का दरवाजा अचानक खुलने के कारण पुष्कर नीचे गिरा ।घायल दोस्त को सड़क पर छोड़कर चले गए साथी
हादसे के बाद पुष्कर गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा रहा । आरोप है कि कार में मौजूद दोस्त उसे अस्पताल ले जाने के बजाय मौके से चले गए । स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया , लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी । इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर हादसे के बाद पुष्कर को तत्काल अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया गया ?सिर और गर्दन में आई गंभीर चोटें
बताया जा रहा है कि पुष्कर के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आई थीं । घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया । मृतक की पहचान तुलसी नगर (पाली सीट) , काठगोदाम निवासी 21 वर्षीय पुष्कर कोहली के रूप में हुई है । पुष्कर एक निजी स्कूल की बस में कंडक्टर का काम करता था । उसके पिता रेस्टोरेंट में शेफ हैं । परिवार में दो भाइयों में पुष्कर सबसे बड़ा था । वह मूल रूप से सोमेश्वर के पोखरी गांव का रहने वाला था ।परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है । परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना के दौरान कार में मौजूद दोस्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ।हादसा या कुछ और ? पुलिस जांच में खुलेगा राज
अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पुष्कर वास्तव में कार का दरवाजा खुलने से सड़क पर गिरा था या घटना के पीछे कोई और वजह थी । घटना के दौरान कार में मौजूद दोस्तों से पूछताछ के साथ-साथ मौके के साक्ष्य और अन्य परिस्थितियों की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है । स्नैपचैट पर बनाए गए वीडियो भी जांच में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं । पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पुष्कर की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी ।
नैनीताल युवक की मौत, काठगोदाम युवक मौत, जमरानी कॉलोनी हादसा, पुष्कर कोहली मौत, नैनीताल क्राइम न्यूज, काठगोदाम थाना, चलती कार से गिरकर मौत, जन्मदिन की पार्टी में युवक की मौत, नैनीताल ताजा खबर, उत्तराखंड क्राइम न्यूज, नैनीताल हत्या की आशंका, उत्तराखंड हिंदी समाचार